शिमला। युवा कांग्रेस ने भाजपा पर संगीन इल्जाम लगाते हुए कहा कि भी बागी विधायकों को अपने कब्जे में रखने के लिए भाजपा ने हेलीकॉप्टर पर ही लाखों रुपये खर्च कर दिए लेकिन आपदा के समय प्रभावित लोगों की एक पैसे की भी मदद नहीं की।
युवा कांग्रेस के प्रवक्ता निशांत शर्मा ने कहा कि भाजपा का ऐसा दोहरा चरित्र प्रदेश सहित पूरे देश की जनता ने देखा है जिसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। निशांत ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में ओछे हथकंडे अपनाकर अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हथियाने की फिराक में भाजपा के सभी सपने धराशायी हो गए हैं।
शर्मा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों को प्रलोभन देकर अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग तो करवा ली लेकिन इससे बागी विधायकों को कुछ नहीं मिला। भाजपा तो प्रदेश की सत्ता को भी हथियाना चाहती थी परंतु मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व के आगे भाजपा की एक भी नहीं चल पाई।
उन्होंने कहा कि भाजपा दोहरे मुखौटे वाली पार्टी है। पिछले साल हिमाचल में इतनी बड़ी आपदा आई तो प्रदेश भाजपा के नेता केवल मगरमच्छी आंसू बहाते रहे। वे केंद्र से एक पैसे की मदद नहीं ला पाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हर परिस्थिति का बड़ी दृढ़ता एवं संयम से मुकाबला किया और अंत में जीत भी सच्चाई की हुई। इससे अब भाजपा के नेता सकपका गए हैं। अब उन्हें पता चल गया है कि ऐसे ओछे हथकंडे अपनाने से सत्ता नहीं मिलने वाली है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार स्थिर है तथा 5 वर्ष पूरे करने के बाद दोबारा भी सत्ता आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं उन्हें जनता ने पहले आइना दिखाया है और आगे भी ठेंगा दिखाएगी।
(31)