शिमला। किसानों के मुददों पर कांग्रेस पार्टी की किसान कांग्रेस अब प्रदेश भर में हुंकार भरने जा रही है। प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्‍यक्ष रवि शर्मा ने राजधानी में एलान किया कि आठ जिलों में किसान कांग्रेस का गठन हो चुका है और बाकी जिलों में प्रक्रिया जारी है।उन्‍होंने कहा कि किसान कांग्रेस प्रदेश के किसानों व बागवानों की आवाज बुलंद करेगी और इसकी गूंज दिलली तक सुनाई देंगी।

उन्‍होंने कहा कि आने वाले दिनों में किसान कांग्रेस हर जिला, पंचायत व बूथ स्‍तर पर अपनी सक्रियता शुरू करेंगी और जमीनी स्‍तर पर किसानों की मुददो को समझ कर सरकार के सामने उठाया जाएगा।
उन्‍होंने कहा कि प्रदेश किसानों को लेकर कांग्रेस का संगठन नहीं था। अभी उन्‍हें भी किसान कांग्रेस का अध्‍यक्ष बने हुए चार ही महीने हुए है।

इस मौके पर जिला शिमला किसान कांग्रेस की अध्‍यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि खेती व बागवानी में सबसे ज्‍यादा हिस्‍सेदारी महिलाओं की है।ऐसे में वो सबसे ज्‍यादा प्रभावित होती है। ममता ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने सेब के आयात पर शुल्‍क घटाकर बागवानों पर बड़ी मार की है। हिमाचल के किसान के पास एक या दो एकड़ के सेब के बगीचे है जबकि अमेरिका के पास सौ-सौ एकड़ के बगीचे है। ऐसे में हिमाचल का बागवान अमेरिका के बागवानों का मुकाबला नहीं कर सकता।

ऐसे में अमेरिकी या बाहरी मुल्‍कों के सेब पर सौ फीसद शुल्‍क लगना चाहिए। इस बावत किसान कांग्रेस हर गांव, हर पंचायत और हर बूथ पर अपनी आवाज बुलंद करेंगी। उन्‍होंने कहा कि किसान कांग्रेस का अगला कदम बिचौलियों से किसानों व बागवानों को किस तरह बचाया जा सकता है इस बावत खाका तैयार करना है।
उन्‍होंने कहा कि एमआइएस के तहत खरीदे जाने वाले सेब की कीमत 12 से बीस रुपए प्रति किलो करने की कोशिश की जाएगी।