शिमला। प्रदेश में कोरोना विषाणु जयराम सरकार व भारतीय जनता पार्टी पर भारी पड़ गया है। राज्‍यपाल बंडारू दतात्रेय ने एहतियात के तौर पर अगले सात दिनों तक तमाम बैठकों व लोगों से मिलने जुलने के कार्यक्रमों को रदद कर दिया है। राज्‍यपाल के कार्यालय से कहा गया कि राज्‍यपाल स्‍वस्‍थ है लेकिन ये कदम एहतियात के तौर उठाया गया है।

राज्‍यपाल ने सुखराम चौधरी समेत मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को 30 जुलाई को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। अब सुखराम चौधरी के पाजिटिव आने के बाद राजभवन से लेकर सचिवालय तक व भाजपा के संगठन में हड़कंप मच गया है।

कोरोना विषाणु ने सरकार व संगठन दोनों को अपनी चपेट में ले लिया है। बीती रोज जयराम सरकार के मंत्री सुखराम चौधरी और उनकी दो बेटियां पाजिटिव पाई गई। आज भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष सुरेश  कश्‍यप ने खुद को होम क्‍वारंटीन में डाल दिया है। भाजपा के महासचिव त्रिलोक जम्‍वाल ने कहा कि सुरश कश्‍यप का पहला टेस्‍ट नेगेटिव आया है लेकिन अब सात दिनों तक वह होम क्‍वांरटीन पर चले गए है। इसलिए उन्‍होंने प्रस्‍तावित जिला ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर भाजपा पदाधिकारियों के साथ  में होने वाले बैठकों को स्‍थगित कर दिया है। जम्‍वाल ने कहा कि जो लोग भी सुखराम चौधरी के संपर्क में आए थे उन सबने खुद को होम क्‍वारंटीन कर लिया है।

 

उधर,पच्‍छाद हलके से भाजपा विधायक रीना कश्‍यप के पीएसओ के पाजिटिव  आने की जानकारी है। ये तमाम लोग चौधरी व कश्‍यप  के साथ  शिमला से नाहन को काफिले में गए थे।/

याद रहे राजधानी में मंत्रियो की शपथ के बाद बिजली मंत्री सुखराम चौधरी और सुरेश कश्‍यप एक साथ नाहन गए थे। इस दौरान वह सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले थे। चौधरी के अलावा भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राज्‍य अध्‍यक्ष भी पाजिटिव पाए गए हैं।

उधर, सुखराम चौधरी का सुरक्षा अधिकारी पुलिस मुख्‍यालय में कैंटीन में भी गया था। एसपी पुलिस  मुख्‍यालय खुशहाल शर्मा ने कहा कि कैंटीन को बंद कर दिया है। यही सुरक्षा कर्मी एसपी कार्यालय भी गया था। आज एसपी कार्यालय भी बंद रहा ।