शिमला। आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए फतेहपुर से पार्टी के पूर्व प्रदेश संयोजक  व पूर्व भाजपा सांसद व प्रदेश में मंत्री रहे राजन सुशांत समेत चार प्रत्‍याशियों के नामों की घोषणा कर दी हैं। अपने प्रत्‍याशियों के नामों की भाजपा व कांग्रेस से पहले घोषणा कर बढत बना ली है। बेशक अभी चार की प्रत्‍याशी घोषित किए गए हैं।

इन चारों प्रत्‍याशियों के नामों की सूची सांसद व प्रदेश प्रभारी संदीप पाठक और प्रदेश अध्‍यक्ष सुरजीत ठाकुर ने जारी की।

 

पूर्व भाजपा सांसद व एक समय में आरएसएस के कार्यकर्ता राजन सुशांत को जिला कांगडा के फतेहपुर विधानसभा हलके से टिकट दे दिया है।

 

उप चुनावों में राजन सुशांत बतौर निर्दलीय चुनाव में उतरे थे और उन्‍होंने 12927 मत हासिल किए थे। वह तीसरे नंबर पर रहे थे। जबकि भाजपा के बलदेव ठाकुर को 18660 और कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया को 24449 मत मिले थे। पठानिया इन उप चुनावों में जीत गए थे। कांग्रेस पार्टी  की चुनाव समिति ने इस बार भी पठानिया को ही कांग्रेस से टिकट करने का फैसला लिया हैं।

 

हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर  किसी के नाम की घोषणा नहीं की गई हैं।  फतेहपुर में भाजपा में जबरदस्‍त गुटबाजी है और अब सबकी निगाह पर इस बात पर रहेगी कि भाजपा बलदेव ठाकुर पर भरोसा जताती है या फिर पूर्व सांसद कृपाल परमार या फिर किसी नए चेहरे पर भरोसा करती हैं।

 

यहां यह गौरतलब है कि सुशांत ने सबसे पहले पुरानी पेंशन बहाली की मांग की थी व इस बावत आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का साथ भी दिया था। उन्‍होंने एलान कर रखा है कि वह तब तक पेंशन नहीं लेंगे जब तक कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल नहीं हो जाती।

आम आदमी पार्टी ने जिला कांगडा के ही नगरोटा बगवां विधानसभा हलके से पार्टी के अन्‍य पिछडा वर्ग के उपाध्‍यक्ष  व ग्राम पंचायत सरोतरी के पूर्व प्रधन उमाकांत डोगरा को टिकट दिया है।

 

यहां से कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति ने पूर्व मंत्री गुरमुख सिंह बाली के पुत्र रघुबीर बाली को टिकट देने का फैसला ले रखा हैं।

 

कांग्रेस से बगावत कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष मनीष ठाकुर को जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से टिकट दिया गया है।

मनीष ठाकुर जो भी थोडा –बहुत जनाधार है वह सोलन हलके में है लेकिन सोलन हलका अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। संभवत: इसलिए उन्‍हें पांवटा साहिब से टिकट दिया गया हैं। आम आदमी पार्टी ने उन्‍हें पार्टी का प्रदेश का उपाध्‍यक्ष भी बना रखा हैं।  पांवटा में कांग्रेस में गुटबाजी है व  टिकट के कई तलबगार हैं जबकि भाजपा से मंत्री सुखराम चौधरी को ही टिकट मिलेगा यह तय नहीं हैं।

आम आदमी पार्टी ने अपना चौथा प्रत्‍याशी जनजातीय हलके लाहुल स्पिति से सुदर्शन जस्‍पा  को चुनाव में उतारा है।

सुदर्शन जस्‍पा  लाहुल स्पिति की आलू उत्‍पादक सहकारी विपणन प्रसंस्‍करण सभा के अध्‍यक्ष भी।उन्‍होंने 2017 में बतौर निर्दलीय चुनाव लडा था व उन्‍हें महज 655 मत ही मिले थे ।वह 2015 से 2020 तक जिला परिषद सदस्‍य भी रहे थे।

उम्‍मीद है कि इस बार कांग्रेस पार्टी यहां से पूर्व विधायक रवि ठाकुर पर ही भरोसा जताएगी। लेकिन भाजपा जनजातीय मंत्री राम लाल मारकंडा को टिकट देती है या नहीं यह अभी तय नहीं हैं।