शिमला। हिमाचल लोकहित पार्टी प्रदेश में खुद को मजबूत कर भाजपा की ओर से आए दिन उड़ाई जा रही अफवाहों कि हिलोपा का भाजपा में विलय हो रहा है,का कड़ा जवाब देगी। ये फैसला हिलोपा की कोर ग्रुप की बैठक में लिया गया है।

हिलोपा अध्‍यक्ष महेश्‍वर सिंह ने दावा किया कि जब भी भाजपा के लोग हिलोपा मे शामिल होने वाले होते है भाजपा की ओर से अफवाह उड़ा दी जाती है कि महेश्‍वर सिंह भाजपा में शामिल हो रहे है। ऐसे में ये सिलसिला रुक जाता है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा के कारनामे बुरे रहे है। उनमें कोई बदलाव नहीं आया है।उन्‍होंने भाजपाइयों के भ्रष्‍टाचार के मसले उठाऐ थे अगर उन मसलों पर पार्टी  गौर करती तो वो पार्टी से बाहर नहीं होते। अब इन मामलों पर जांच हो रही है। उनके पास भाजपा में शामिल होने की कोई वजह नहीं है। उन्‍होंने कहा कि अगर हिलोपा मजबूत होगी तो भाजपा बिखरेगी।इस वजह से भाजपाई बौखला गई है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा के बिलासपुर से बड़े नेता सुरेश चंदेल,कांगड़ा से भाजपा नेता किशन कपूर और रणजीत पठानिया हिलोपा नेता से मिल चुके है। बताते है कि हिलोपा ने इन्‍हें अपने साथ करने का पासा भी फेंका था। लेकिन वो दांव कामयाब नहीं हुआ। उल्‍टे भारी पड़ गया और भाजपा ने प्रचार कर दिया कि ये नेता हिलोपा नेताओं को भाजपा में वापस ला रहे है।

कोर ग्रुप की बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर भी मंथन किया गया। बताया जा रहा है कि कई लोगों ने टिकट के लिए अर्जियां दी है।

इन अर्जियों पर गौर करने के लिए महेश्‍वर सिंह व संगठन के प्रभारी खुशीराम बालनाटाह 12 से 25 नवंबर तक विभिन्‍न मंडलों में जाकर जायजा लेंगे।इस मौके पर संबंधित संसदीय हलकों के बड़े नेता भी शिरकत करेंगे।

कोर ग्रुप  की बैठक  में  फैसला लिया गया कि प्रदेश में उदयोगों में निवेश बढ़ाने के लिए पार्टी का नजरिया क्‍या है व उद्योगपतियों की  क्‍या समस्‍या है इस पर पार्टी  के मुख्‍य प्रवक्‍ता महेंद्र नाथ सोफ्त 15 दिनों में रिपोर्ट देंगे।

कोर  ग्रुप  की बैठक में खुशी राम बालनाटाह, बाबू राम मण्डयाल, श्यामा शर्मा, महेन्द्र नाथ सोफत, धर्म चंद गुलेरिया, नवीन धीमान और टिक्कू ठाकुर शामिल हुए।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय प्रभारी टिक्कू ठाकुर ने कहा है कि पार्टी अपनी वेबसाइट लांच करेंगी।

 

(7)