शिमला। बालीवुड की मशहूर व चर्चित अदाकारा कंगना रणौत,प्रीति जिंटा,पार्श्‍व गायक मोहित चौहान के अलावा दुनिया में डब्‍ल्‍यू डब्‍ल्‍यू एफ रेसलिंग के बादशाह द ग्रेट खली ने हिमाचल प्रदेश चुनाव विभाग के आग्रह पर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता से अपना मत डालने की अपील बिलकुल फ्री की हैं।

प्रदेश चुनाव विभाग की ओर से तैयार की गई ये अपीलें चैनलों में छाई  हुई  हैं। इसके अलावा हिामचल की एक दृष्टिहीन छात्रा मुस्‍कान भी जनता से 9 नवंबर को मतदान करने की अपील कर रही हैं।

प्रदेश के मुख्‍य चुनाव अधिकारी पुष्‍पेंद्र राजपूत ने कहा कि विभाग ने हिमाचल के सभी विख्‍यात शख्सियतों से मतदान के लिए अपील करने का आग्रह किया था। जिसमें से प्रमुखतय: कंगणा रणौत,प्रीति जिंटा ,मोहित चौहान और ग्रेट खली ने उनके आग्रह को मंजूर कर लिया ।

याद रहे कि प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग ने कंगणा रणौत से विभाग का एक विज्ञापन करने का आग्रह किया था। लेकिन कंगणा ने सरकार का ये आग्रह ठुकरा दिया था पर चुनाव विभाग के आग्रह को उन्‍होंने मंजूर कर लिया।

राजपूत आज हिमाचल में विधानसभा चुनावों के मददेनजर चुनाव विभाग की ओर से की गई तैयारियों का ब्‍योरा मीडिया के समक्ष पेश कर रहे थे। इस मौके पर उन्‍होंने इस बावत मीडिया को एक वीडियों भी दिखाया।

उन्‍होंने कहा कि इस बार इन चुनावों में 50 लाख 25 हजार 945 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे । इनमें से 25 लाख31 हजार 521 पुरुष और 24 लाख 57 हजार32 मत महिलाओं के हैं।सर्विस मतदाता 37 हजार 574 हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में 24 ऐसे पोलिंग स्‍टेशन हैं जहां मतदाताओं को पांच किलोमीटर  दूर से अपना मत डालने जाना पड़ेगा। यहां के लिए चुनाव विभाग ने खास इंतजाम किए हैं।

चुनाव कराने के लिए 37 हजार 605 कर्मियों का तैनाती की गई हैं। जबकि कानून व्‍यवस्‍था चाक चौबंद रखने के लिए 11 हजार से ज्‍यादा प्रदेश पुलिस के कर्मी छह हजार से ज्‍यादा होमगार्ड और 75 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनात की जानी हैं। अभी तक 65 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी मिल गई हैं, दस और कंपनियां मांगी गई हैं।

इस मौके पर एडीजीपी कानून व्‍यवस्‍था अतुल वर्मा ने कहा कि पुलिस,आबकारी विभाग व आयकर विभाग ने अभी तक विभिन्‍न्‍ स्‍थानों पर एक करोड़ 12 लाख की नकदी व 65 हजार लीटर शराब बरामद की हैं। इसके अलावा तीन किलो सोना भी बरामद किया हैं। लोगों ने करीब 87 हजार हथियारों में से 74 हजार के करीब हथियार विभिन्‍न थानों में जमा करा दिए हैं।