शिमला। कांग्रेस के रिपीट मिशन को बढ़ता देख व भाजपा के एक बड़े तबके के खामोश हो जाने से डरी भाजपा ने पार्टी में नई जान फूंकने के लिए आखिर में पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को प्रदेश का अगला मुख्‍यमंत्री घोषित कर दिया हैं।

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह ने राजगढ़ में आयोजित एक जनसभा में  ये  बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अभी धूमल पूर्व मुख्‍यमंत्री हैं व वो 18 दिसंबर के बाद प्रदेश के मुख्‍यमंत्री होंगे। इस ऐलान का  प्रदेश  भाजपा को निश्चित तौर पर लाभ मिलेगा

इस एलान के बाद मोदी सरकार में मंत्री जगत प्रकाश नडडा और धूमल खेमों में चली खींचतान पर विराम लग गया हैं। प्रदेश में एक बार फिर धूमल खेमा हावी हो गया हैं।अमित शाह के इस ऐलान के बाद जगत प्रकाश नडडा के मुख्‍यमंत्री बनने का सपना फिलहाल खत्‍म हो गया हैं और जैसे कांग्रेस पर वीरभद्र सिंह व उनके परिवार का वर्चस्‍व हैं उसी तरह अब भाजपा पर भी धूमल परिवार के वर्चस्‍व होने का रास्‍ता साफ हो गया हैं।

 

भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जोड़ी को हिमाचल प्रदेश भाजपा से चाहे वो टिकटों का बंटवारा हो या अब मुख्‍यमंत्री का चेहरा उतारने का मामला हो,कड़ी चुनौती मिली हैं। यह पहली बार है कि  2014 के बाद बाकियों राज्‍यों की अपेक्षा हिमाचल भाजपा ने अपनी बात राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व से मनवाई हैं।

इससे पहले टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा आलाकमान तीन दिन तक टिकटों का एलान नहीं कर पाया था। आखिर में जब टिकटों का एलान हुआ तो चंद सीटों को छोड़कर हिमाचल के नेताओं की सिफारिशों को दरकिनार नहीं किया जा सका था।