शिमला। जीत के लिए जरूरी वोटें न होने के बावजूद चुनाव मैदान में डटी भाजपा ने कांग्रेस के राज्‍यसभा प्रत्‍याशी व देश के नामी वकील अभिषेक मनु सिंघवी की जीत के रास्‍ते को कठिन बनाने का अपना अभियान छोड़ा नहीं हैं।

प्रदेश विधान सभा में कांग्रेस  के 40 विधायक है और भाजपा के महज 25 विधायक ही है। तीन आजाद विधायक भी हैं। साफ है कि कांग्रेस के पास जीत के लिए पर्याप्‍त बहुमत हैं। लेकिन भाजपा ने कांग्रेस प्रत्‍याशी अभिषेक मनु सिंघवी की जीत का रास्‍ता मुश्किल करने के लिए पहले तो कांग्रेस से भाजपा में आए  हर्ष महाजन को खड़ा कर दिया। हर्ष महाजन को खड़ा करने से कांग्रेस में खलबली मची हुई हैं और सुक्‍खू को कांग्रेस के विधायकों को एकजुट रखने की चुनौती भाजपा के कथित तौर पर चाणक्‍य कहे जाने वाले अमित शाह व उनकी जुडली ने खड़ी कर दी हैं।

विधायकों के बिखरने का अंदेशा देख कांग्रेस पार्टी ने अपने तमाम विधायकों के लिए व्‍हीप जारी कर दिया। अब भाजपा ने इस पर सवाल खड़ा कर दिया हैं।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ,भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष राजीव बिंदल , भाजपा के राज्‍यसभा प्रत्‍याशी हर्ष महाजन व बाकी नेताओं ने आज प्रदेश के मुख्‍य चुनाव अधिकारी को महाजन की ओर से शिकायत दी है कि कांग्रेस ने व्‍हीप जारी कर रखा है जो कि गैर कानूनी हैं।

भाजपा ने इस बावत कांग्रेस की ओर से संसदीय कार्यमंत्री हर्ष वर्धन चौहान की ओर से जारी कांग्रेस विधायकों को तीन लाइनों के व्‍हीप को भी शिकायत के साथ संलग्‍न कर दिया हैं। भाजपा ने इसे मीडिया को भी जारी कर दिया है।

अब कल मतदान होना है। जयराम ने साफ किया कि मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू कांग्रेस विधायकों को गुमराह कर रहे है कि अगर किसी व्‍हीप को उल्‍लंघन किया तो उनकी विधायकी चली जाएगी। जबकि ऐसा कुछ नहीं होने वाला हैं। उन्‍होंने यह भी कहा कि सुक्‍खू कांग्रेस के विधायकों को डरा रहे हैं व उन पर दबाव बना रहे हैं ।

भाजपा ने चुनाव आयोग से व्‍हीप  के बावत कानूनी स्थिति साफ करने की मांग की हैं।