शिमला। वीरभद्र सिंह समर्थक व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा की ओर से ऐन मौके पर चुनाव लड़ने से इंकार करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने धर्मशाला उपचुनाव सीट के लिए युवा कांग्रेस नेता विजय इंदर करण को और पच्छाद आरक्षित हलके से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर को मैदान में उतार दिया है।
कांग्रेस ने विजय इंदर करण के रूप में बिलकुल नया चेहरा मैदान में उतारा है जबकि पच्छाद में गंगू राम मुसाफिर आधा दर्जन बार विधायक रह चुके है। लेकिन वह पिछल्ली दो बार से भाजपा के सुरेश कश्यप से लगातार चुनाव हारते गए थे। विजय इंदर करण का सामना भाजपा की ओर से किसके साथ होगा इस बावत देर यह अभी तय नहीं हो पाया है।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पार्टी ने गंगूराम मुसाफिर और विजय इंदर करण को चुनाव मैदान में उतार दिया है। ये दोनों तीस सितंबर को नामांकन भरेंगे। धर्मशाला में विजय इंदर करण के साथ नेता प्रतिपक्ष मुकेशअग्निहोत्री व कांगड़ा के कांग्रेस नेता जबकि पच्छाद में गंगूराम मुसाफिर के नमांकन के मौके पर पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर मौजूद रहेंगे।
विजय इंदर करण ने दावा किया कि उनके साथ वीरभद्र सिंह से लेकर आशाकुमारी तक प्रदेश के तमाम कांग्रेस नेता है व सभी ने उनके नाम का समर्थन किया है। इसके अलावा सुधीर शर्मा भी उनका साथ देंगे। इसके अलावा जो बाकी टिकट के दावेदार थे,उनकी उनसे भी बात हो गई है व सभी उनका साथ देने को तैयारहै। हालांकि कौन क्या करता है ये इन चुनावें में पता लग जाएगा।
पंजाब विवि से अंग्रेजी में एमए विजय इंदर करण 2003 में पंजाब विवि में हिमाचल प्रदेश स्टूडेंट एसोसिएशन और पुसू के गठबंधन की ओर से लड़े गए चुनाव में सचिव चुने गए थे। इसके अलावा वह युवा कांग्रेस के महासचिव रह चुके है। पिछल्ली वीरभद्र सिंह सरकार में वह पर्यटन विकास निगम के बोर्ड आफ डायरेक्टर में निदेशक भी रह चुके है। मौजूदा समय में वह कांगडा संसदीय हलके में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष है। उनके पिता के चाचा स्वर्गीय बृजलाल 1977 से 1982 तक कांग्रेस के विधायक रहे है। उनके पिता आइबी से सेवानिवृत हुए है।
(4)