शिमला।लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने राजनीतिक दुश्मन मेजर विजय सिंह मनकोटिया व धूमल सरकार में हुए वुडविला कांड के राजदार को पहले लोकसभा का टिकट देने व हार जाने के बावजूद तोहफे बांटे है।वीरभद्र सिंह ने मेजरविजय सिंह मनकोटिया को पर्यटन विकास परिषद का उपाध्यक्ष बनाया है।
मनकोटिया ने वीरभद्र सिंह के खिलाफ सीडी कांड में धूमल का साथ देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जिसका बदला वीरभद्र सिंह ने शाहपुर से एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव केवल सिंह पठानिया को प्लांट कर मनकोटिया को हरा दिया था। वीरभद्र सिंह पठानिया को परिवहन मंत्री जीएस बाली पर प्लांट किया था व एचआरटीसी केउपाध्यक्ष नियुक्त किया था। बाली के बगावत करने पर पठानिया को यहां से हटा दिया गया। समझा जा रहा है कि मनकोटिया वीरभद्र सिंह के खिलाफ कोई मोर्चा न खोल दे इसलिए उन्हें रेवड़ी बांट दी है।मनकोटिया का सोनिया परिवार से नजदीकी रिश्ता है।वह पूर्व में प्रदेश के पर्यटन मंत्री रह चुके है।सता में आने के बाद उन्हें वीरभद्र सिंह ने हाशिए पर रखा हुआ था।
मनकोटिया की तरह ही हमीरपुर से लोकसभा का चुनाव हारे राजेंद्रराणा को भी वीरभद्र सिंह ने आपदा प्रबंधन बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। लोकसभा चुनावों के दौरान राणा ने यह कह कर सनसनी फैला दी थी कि अगर वो वुडविला कॉलगर्ल कांड का राज खोल देते है तो भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को अपनी बीवी का सामना करना मुश्किल हो जाएगा।समझा जा रहा है कि वीरभद्र सिंह धूमल व अनुराग के इस राजदार को अपने पाले में रख कर धूमल परिवार पर हमला बोलने का रास्ता खुला रखना चाह रहे है।
नई नियुक्तियों में सिरमौर की शिलाई विधानसभा सीट से लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को लीड दिलाने वाले पूर्व विधायक हर्ष वर्धन चौहान स्टेट इंप्लाइमेंट जनरेशन एंड रिसोर्स मोबलाइजेशन बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जिला सोलन के रमेश चौहान को केबिनेट रैंक के बराबर ओहदा दिया है।उन्हें स्टेट खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उधर,वीरभद्र सिह को मुख्यमंत्री के पद से हटाने पर आमदा भाजपा ने इन नियुक्तियों पर सवाल उठाए है।पार्टी अध्यक्ष सतपाल सती ने कहा कि ये नियुक्तियां प्रदेश के खजाने पर बोझ डालेंगी।
उन्होंने कहा कि मनकोटिया ने पद स्वीकार कर अपनी गरिमा घटाई है।वीरभद्र सिंह के कदमों को लेकर सुखविंदर सिंह सुक्खू की कांग्रेस सवाल उठाती रही है।
(1)