शिमला। प्रदेश की वीरभद्र सिंह सरकार नाबालिग से रेप के आरोपों में फंसे बापू आसाराम की प्रदेश में करीब आधा दर्जन स्‍थानों पर मिली जमीनों की जांच करेगी। मुख्‍यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में आज कहा कि प्रदेश में बापू आसाराम की जमीनों को लेकर अगर कहीं धांधलियां पाई गई तो सरकार कार्रवाई करेगी।सरकारी जमीन पर अवैध कब्‍जे पाए गए तो उस जमीन को वापस लिया जाएगा।

आरोप है कि बापू आसाराम ने कई जगहों पर सरकारी जमीन पर  अवैध कब्‍जे किए हुए है। हालांकि असलियत  जांच के बाद ही सामने आएगी।

 

सरकार ने जिला सिरमौर में बापू आसाराम के आश्रम के लिए सरकारी जमीन पर किए अवैध कब्‍जे की जांच पहले ही शुरू कर दी है।इस बावत मुख्‍यमंत्री  को स्‍थानीय लोगों ने शिकायत दी थी। मुख्‍यमंत्री  ने अपने नाहन दौरे के दौरान डीसी सिरमौर को ये जांच करने के आदेश दिए थे।

 

आसाराम की शिमला, बिलासपुर ,सिरमौर समेत करीब आधा दर्जन स्‍थानों पर आश्रम चल रहे है।

मुख्‍यमंत्री राजीव गांधी अन्‍न योजना शुरू करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्‍होंने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मामले पर कहा कि एसोसिएशन में धांधलियां हुई है। जांच जारी है। बचने की हर कोई कोशिश करता है। सरकार भ्रष्‍टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई  में कोई ढील नहीं दी जाएगी।