शिमला। प्रदेश सरकार में उप –मुख्‍यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्‍नी प्रोफेसर सिम्‍मी अग्निहोत्री का बीती रात को दिल का दौरा पड़ने के बाद अचानक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्‍कार आज दोपहर दो बजे हरोली के गोंदपुर जयचंद मोक्षधाम में किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थिति उनके आवास आस्‍था कुंज में एक बजे तक रखा जाएगा।   

जानकारी के मुताबिक सिम्‍मी अग्निहोत्री को रात को सीने में तकलीफ होने लगी तो उन्‍हें चंडीगढ  के लिए ले जाया गया लेकिन रास्‍ते में ही उन्‍होंने दम तोड़ दिया।

सिम्‍मी अग्निहोत्री के निधन की जानकारी उप –मुख्‍यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीती रात को ही बारह बजे के करीब अपने एक्‍स (टिवटर)हैंडल पर साझा कर दी थी। सुबह जब लोगों को इसका पता चला तो वह हैरान रह गए।

सिम्‍मी अग्निहोत्री पहले से कोई ज्‍यादा बीमार भी नहीं थी। उनके एक बेटी आस्‍था अग्निहोत्री हैं।

 

मुकेश अग्निहोत्री और सिम्‍मी अग्निहोत्री ने अपने घर में 12 फरवरी को जागरण का आयोजन कराना था व इसमें शामिल होने के लिए लोगों को निमंत्रण भेजे जा रहे थे।  पूरा परिवार इसी की तैयारी में लगा था।लेकिन इससे पहले ही यह घटना घट गई।