शिमला। कांग्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने के एकदम बाद सुखविंदर सिंह सुक्‍खू ने राजभवन में जाकर राज्‍यपाल राजेंद्र विश्‍व अर्लेकर से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया हैं। सुक्‍खू के साथ छतीसगढ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्‍ला, हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडडा, प्रदेश सह प्रभारी तेजिंदर बिटटू और प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष प्रतिभा सिंह राजभवन पहुंचे।

बाद में उप मुख्‍यमंत्री चुने गए मुकेश अग्निहोत्री भी राजभवन पहुंच गए व सबने राज्‍यपाल के समक्ष प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।

 

आलाकमान का फैसला मंजूर

सुक्‍खू को विधायक दल का नेता घोषित करने के बाद प्रदेश अध्‍यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्‍हें आलाकमान का फैसला मंजूर है और कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर काम करेंगी।

हालीलाज समर्थकों की ओर से बीते रोज से प्रतिभा सिंह मुख्‍यमंत्री को बनाने की मांग की जा रही थी। आज दोपहर को तो उनके समर्थकों ने सिसिल होटल के बाहर धरना तक दे डाला ।आलाकमान की ओर से प्रदेश भेजे गए नेता इसी होटल में ठहरे थे।  इन्‍होंने आलाकमान को होश में आने के नारे भी लगाए लेकिन आलाकमान ने अपना फैसला नहीं बदला और सुक्‍खू को मुख्‍यमंत्री बनाने के अपने फैसले पर अडिग रहा।