शिमला। कांग्रेस अलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को हटाकर उनकी जगह पर मंडी से सांसद बनी प्रतिभा सिंह को पार्टी अध्‍यक्ष बना दिया है। इसके अलावा पंजाब की तर्ज पर चार कार्यकारी अध्‍यक्ष भी बनाए गए है। पार्टी के विरोधी खेमे से पूर्व पार्टी अध्‍यक्ष व नादौन से कांग्रेस विधायक सुखविंदर सिंह सुक्‍खू को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान समिति का अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है। इन नियुक्तियों में हालीलाज कांग्रेस का जबरदस्‍त दबदबा रहा है। दिलचस्‍प तौर पर आज की गई नियुक्तियों में कांग्रेस में जी -23 समूह के नेताओं में शुमार आनंद शर्मा को भी बड़ी जिम्‍मेदारी सौंपी गई हैं।

पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक पंजाब की तर्ज पर आलाकमान ने चार कार्यकारी अध्‍यक्ष भी नियुक्‍त किए है।

इनमें से हालीलाज कांग्रेस के बेहद करीबी हर्ष महाजन,सुजानपुर से भाजपा के मुख्‍यमंत्री प्रत्‍याशी प्रेम कुमार धूमल को हराने वाले राजेंद्र राणा, कांगड़ा से पवन काजल और सिरमौर जिला से विनय कुमार को कार्यकारी अध्‍यक्ष के रूप में नियुक्‍त किया गया ।
जिला सिरमौर से ही कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान को विधानसभा में विपक्ष का उप नेता नियुक्‍त किया गया है जबकि किन्‍नौर से कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी को विधाानसभा में मुख्‍य सचेतक बनाया गया है।
आलाकमान ने पांच वरिष्‍ठ उपाध्‍यक्ष भी नियुक्‍त किए है। इनमें पूर्व विधानसभाा अध्‍यक्ष गंगूराम मुसाफिर,हमीरपुर के बड़सर से कांग्रेस विधायक इंद्र दत लखनपाल ,कुल्‍लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर,लाहुल स्पिति से पूर्व विधायक रवि ठाकुर और सुरेश कुमार को वरिष्‍ठ उपाध्‍यक्ष बनाया गया है।

राजेश शर्मा को कोषाध्‍यक्ष बनाया गया है। जबकि अर्की विधानसभा से पहली बार जीत कर आए संजय अवस्‍थी , पार्टी के प्रव्‍कता नरेश चौहान,, महेश्‍वर चौहान , सुरेंद्र चौहान और मोहिंदर चौहान को उपाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है।

आलाकमान ने आगामी चुनावों को लेकर संचालन समिति का गठन भी किया है। दिलचस्‍प तौर पर इस जी 23 समूह के नेताओं में शुमार व पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को दस सदस्‍यीय संचालन समिति का अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है जबकि डलहौजी से कांग्रेस विधायक आशा कुमारी को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। इस समिति में इनकेअलावा धनीराम शांडिल, कुलदीप सिंह राठौर, विपल्‍व ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, राम लाल ठाकुर, चंद्र कुमार, , सुरेश चंदेल और हर्षवर्धन चौहान को भी शामिल किया गया है। इस समिति में पार्टी अध्‍यक्ष,नेता प्रतिपक्ष और पचवार अभियान समिति के अध्‍यक्ष स्‍थाई तौर पर निमंत्रित सदस्‍य रहेंगे।

आलाकमान ने घोषणा पत्र समिति की कमान पूर्व मंत्री धनीराम शांडिल को सौंपी है। उन्‍हें इस समिति का अध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है जबकि आशीष बुटेल को उपाध्‍यक्ष, रोहित ठाकुर को संयोजक, नियुक्‍त किया गया है। इस समिति में तमाम अग्रणी संगठनों के अध्‍यक्ष, प्रदेश से अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव और विभिन्‍न विभागों व प्रकोष्‍ठों के प्रमुख निमंत्रित सदस्‍य होंगे।
आलाकमान ने एक समन्‍वयक समिति भी बनाई इस समिति की कमान पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को सौंपी गई है। सुरेश चंदेल को इस समिति का उपाध्‍यक्ष और पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी का संयोजक बनाया गया है।

चुनाव प्रबंधन समिति का अध्‍यक्ष कांग्रेस विधायक राम लाल ठाकुर को बनाया गया है। इसके अलावा कुलदीप सिंह राठौर व कसुम्‍प्‍टी से कांग्रेस विधायक अनिरूद्ध सिंह को उपाध्‍यक्ष जबकि पूर्व मंत्री जीएस बाली के पुत्र रघुबीर सिंह बाली को इस समिति का संयोजक बनाया गया है।

पूर्व सांसद विप्‍लव ठाकुर प्रदेश अनुशासन समिति का अध्‍यक्ष जबकि पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार को उपाध्‍यक्ष की जिम्‍मेदारी दी गई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के पुत्र आश्रय शर्मा को मीडिया व सोशल मीडिया समिति का जिम्‍मा सौंपा गया है। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को प्रचार व प्रकाशक समिति का अध्‍यक्ष जबकि सोहन लाल ठाकुर का उपाध्‍यक्ष्‍ज्ञ बनाया गया है।
राहुल गांधी के करीबी राजेश धर्माणी को शोध समिति का अध्‍यक्ष बनाया गया है जबकि सुनील शर्मा को संयोजक नियुक्‍त किया गया है।