शिमला।जिला उपायुक्‍त सोलन के सी चमन ने तहसील अर्की के बागा में अल्‍ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ओर से कारखाने के निर्माण के दौरान ढहाए सत श्री बाडू बाडा देव का मंदिर के निर्माण को लेकर एसडीएम अर्की से रिपोर्ट तलब की है।इस मंदिर के निर्माण को लेकर स्‍थानीय उप प्रधान सीता राम, ग्राम पंचायम बागा -करोग के उप प्रधान श्‍याम लाल और अन्‍य लोगों ने डीसी सोलन का दरवाजा खटखटाया था।

पंचायत प्रतिनिधियों और स्‍थानीय लोगों ने डीसी से कहा था कि जब बागा में जेपी कंपनी का सीमेंट का कारखाना लगाया गया था तो इस मंदिर को यहां से जबरन उठाया गया था।
इसके बाद स्‍थानीय लोगों ने जेपी कंपनी और अब अल्‍ट्राटेक कंपनी से इस मंदिर के निर्माण का बार-बार आग्रह किया लेकिन अभी तक जमीन पर केवल मैदान ही बना है।याद रहे जे पी कंपनी को अल्‍ट्राटेक कंपनी ने खरीद लिया है।

इन लोगों ने कहा कि मंदिर न बनने से स्‍थानीय लोग आहत है और इसका असर गांव के लोगों को ही नहीं कारखाने को भी पड रहा है। कारखाने में कभी कुछ टूट जाता है तो कभी कोई खराबी आ जाती है। ऐसे में सीमेंट का ये कारखाना महीने में पंद्रह से बीस दिन ही चलता है। इससे ट्रक आपरेटरों व अन्‍य स्‍थानीय लोगों को नुकसान उठाना पडता है।

ऐसे में इस मंदिर को जहां यह पहले स्‍थापित था वहीं बहाल कराएं। इस पर जिला उपायुक्‍त की ओर से सहायक आयुक्‍त भानु गुप्‍ता की ओर से एसडीएम अर्की विकास शुक्‍ला को हिदायत दी है कि वह इस बावत दखल देकर जिला उपायुक्‍त को रिपोर्ट भेजें।