शिमला। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों के 34 सौ के पार चले जाने के बाद कांगड़ा प्रवास  से राजधानी लौटे मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने  अपना अगला  कार्यक्रम स्‍थगित कर दिया है। राजधानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर मुख्‍यमंत्री कहीं जाएंगे तो लोग मिलने आएंगे ही,ऐसे में कोरोना संक्रमण न फैले इसलिए अब वह अगले कार्यक्रम को स्‍थगित करते है। उन्‍होंने कहा कि कांगड़ा प्रवास के दौरान उन्‍होंने सामाजिक दूरी का पूरा ख्‍याल रखा फिर भी लोगों का आना लगा ही रहता है।

उन्‍होंने जिला कांगड़ा के तीन विधानसभा हलकों के अपने प्रवास को सफल करार दिया ।

याद रहे कि मंत्री सुखराम चौधरी के पाजिटिव आने व भाजपा अध्‍यक्ष सुरेश कश्‍यप के अपने तमाम कार्यक्रमस्‍थगित करने  के बाद मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर के कांगड़ा दौरे को लेकर विपक्षी पार्टी  कांग्रेस के अलावा भी  उनकी आलोचना होने  लगी थी।  यहां तक कि पूर्व मुख्‍यमंत्री शांता कुमार तक ने मुख्‍यमंत्री को प्रवास कम कर राजधानी लौटने व सार्वजनिक दूरी के नियमों की सख्‍ती से पालना करने की सलाह दे दी थी।

 

कांग्रेस पार्टी की ओर से तो भाजपा नेताओं के खिलाफ सार्वजिनक दूरी के नियमों का उल्‍लंघन करने पर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की जाने लगी है। इसके अलावा सोशल मीडिया  पर सरकार व संगठन की ओर से की जा रही सार्वजिनक गतिविधियों को लेकर लोगों की ओर से रोष जताया जा रहा है। वैसे भी प्रदेश में इन दिनों कोरोना संक्रमण का कहर अपने उच्‍च स्‍तर पर है। प्रदेश में पिछले चार दिनों से रोजाना सौ से ज्‍यादा कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे है। ऐसे में सार्वजिनक कार्यकमों का आयोजन खतरे से खाली नहीं है। लेकिन मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर बावजूद  इसके कांगड़ा प्रवास के दौरे पर गए जिसकी आलोचना हो रही है।

समझा जा रहा है कि जयराम ठाकुर को कांगड़ा प्रवास पर नए मंत्री बने राकेश पठानिया ले गए है। पठानिया खुद को कांगड़ा का नेता बनाने की मुहिम पर है।