शिमला। भाजपा ने धर्मशाला हलके के उपचुनाव के लिए शांताकुमार व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से जिन नेताओं के लिए टिकट की लाबिंग की जा रही थी उन्‍हें दरकिनार करते हुए नए चेहरे विशाल नेहरिया को टिकट थमा दिया है। विशाल नेहरिया प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव है।

जबकि पच्‍छाद में मुख्‍यमंत्री जयराम व सांसद सुरेश कश्‍यप की लाबिंग के चलते महिला प्रत्‍याशी रीना कश्‍यप को टिकट थमाया है। अब धर्मशाला में नेहरिया का मुकाबला कांग्रेस पार्टी के चेहरे विजय इंदर करण से होगा जबकि पच्‍छाद में सात बार विधायक रह चुके गंगूराम मुसाफिर से रीना कश्‍यप का मुकाबला होगा। गंगूराम मुसाफिर विधानसभा अध्‍यक्ष भी रह चुके है। बहरहाल,दोनों जगहों पर दिलचस्‍प मुकाबला होने की संभावना है।

दोनों ही जगहों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेताओं को टिकट की दौड़ से बाहर कर दिया है।परिषद ने धर्मशाला से उमेश दत और पच्‍छाद से आशीष सिक्‍ता के लिए लाबिंग की थी लेकिन अमित शाह ने दोनों के ही प्रस्‍तावों को दरिकनार कर दबाव की राजनीति को नहीं चलने दिया। यही नहीं धर्मशाला से भाजपा के वरिष्‍ठ नेता शांताकुमार के लाडले राजीव भारद्वाज के नाम को भी दरकिनार कर दिया। किश्‍न कपूर के बेटे के नाम पर तो भाजपा चुनाव समिति में ही घमासान हो गया था।

 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आखिरी दौर तक टिकट के लिए लाबिंग होती रही और आखिर में मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर की हामी के बाद केंद्रीय चुनाव समिति ने दोनों नामों की घोषणाकर दी।हालांकि इन नामों की घोषणा शाम को की जानी थी लेकिन सहमति नहीं बनी।धर्मशाला में पेंच फंस रहा था तो प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा की सिफारिश पर मोहर लगा दी गई।

चूंकि कल सोमवार को नामांकन भरने का आखिरी दिन है। ऐसे में भाजपा को भी प्रत्‍याशियों की घोषणा करनी ही पड़ी।