शिमला। गुडिया गैंगरेप व मर्डर मामले से पर्दा उठाने के करीब पहुंच चुकी सीबीआई अब पुलिस कस्‍टडी में कत्‍ल किए गए आरोपी सूरज केस में गिर फ्तार किए गए आई जी जैदी व बाकियों की ओर से प्रदेश हाईकोर्ट में दायर किए गए व्‍यक्तिगत शपथ पत्र को हासिल करने के लिए अर्जी दाखिल करेगी।

सीबीआई कल छह सितंबर को इस मामले में तीसरी स्‍टेट्स रिपोर्ट जमा करने जा रही हैं। समझा जा रहा है कि इस रिपोर्ट में बहुत कुछ होगा। स्‍टेटस रिपोर्ट के साथ ही सीबीआई इन शपथपत्रों जिनमें इन सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने छह जुलाई से लेकर 23 जुलाई तक क्‍या क्‍या जांच की थी ,का हवाला हैं को पाने के लिए अर्जी दाखिल करेगी।

सीबीआई के वकील अंशुल बंसल ने कहा कि वो इस बावत अर्जी दाखिल करने जा रहे हैं।

याद रहे कि हाईकोर्ट ने पहले इस मामले में आईजी समेत एसआईटी के सभी सदस्‍यों से उनकी ओर से की गई जांच का लेखा जोखा व्‍यक्तिगत शपथपत्र पर अदालत में दाखिल कराने के आदेश दिए थे व सभी सदस्‍यों ने अलग अलग शपथपत्र सीलबंद लिफाफे में जमा कराए भी थे।

अब सीबीआई शपथपत्रों को मांगकर एसआईटी के सभी सदस्‍यों को मुश्किल में डालने जा रही हैं।

पुलिस कस्‍टडी में कत्‍ल किए गए आरोपी सूरज के मामले में आईजी जैदी समेत सभी आठ पुलिस वाले सात सितंबर तक और पुलिस रिमांड पर भेजे हुए हैं।

इस मामले में सीबीआई के तत्‍कालीन एसपी शिमला डोडुप वांग्‍शुक नेगी,एएसपी भजन देव नेगी और डीएसपी रतन सिंह नेगी से पूछताछ की जा रही हैं।उधर,गुडिया गैंगरेप मामले में न्‍यायिक हिरासत में आरोपियों के नारको टेस्‍ट की प्रक्रिया तेज कर दी हैं।