शिमला। प्रदेश उच्‍च  न्‍यायालय में सुक्‍खू सरकार की ओर वार्डो की संख्‍या 41 से 34 करने को लेकर न्‍यायालय में लंबित याचिका के बीच आज नगर निगम शिमला के चुनावों का बिगुल बज गया हैं। नगर निगम शिमला के चुनावों के लिए मतदान दो मई  को जबकि मतगणना चार मई को होगी व उसी दिन परिणाम भी निकाल दिया जाएगा।

राज्‍य चुनाव आयोग की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नगर निगम के 13,17 व 18 अप्रैल को नामांकन भरे जा सकेंगे जबकि नामांकनों की छंटनी 19 अप्रैल को होगी और 21अप्रैल को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

राज्‍य चुनाव आयुक्‍त अनिल खाची की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक नामांकन वापस लेने के तुरंत बाद 21 अप्रैल को ही चुनाव लड़ने वाले प्रत्‍याशियों की नामों की सूची जारी कर दी जाएगी व उन्‍हें चुनाव चिन्‍ह प्रदान किए जाएंगे।

इसके बाद दो मई को मतदान होगा जबकि चार मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

याद रहे शिमला नगर निगम का कार्याकाल जून 2022 को समाप्‍त हो चुका हैं लेकिन पूर्व की जयराम सरकार में वार्डों के सीमांकन को लेकर धांधलियों के इल्‍जाम लग गए और मामला हाईकोर्ट तक चला गया। इसके बाद चुनावों का यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी गया व ये चुनाव लटक गए और विधानसभा के चुनाव हो गए । सत्‍ता बदली तो सुक्‍खू सरकार ने वार्डों की संख्‍या जो पहले जयराम सरकार ने 34 से 41 की थी को दोबारा से 34 कर दिया और अब इसे उच्‍च न्‍यायालय  में चुनौती दी गई हैं। इस याचिका की पैरवी करने के लिए भाजपा के नेता व  सांसद रह चुके सतपाल जैन शिमला आए थे। इस मामले में सरकार को नोटिस हुए हैं।