शिमला।बिलासपुर से कांग्रेस नेता राम लाल ठाकुर ने सुखविंदर सिंह सुक्‍खू सरकार के दो साल के कार्याकाल पूरा होने पर मनाए जा रहे जश्‍न के मौके पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की एचपीसीए पर जमकर हमला बोला।

 

राम लाल ठाकुर ने मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्‍व मंत्री जगत सिंह नेगी समेत तमाम मंत्रियों से मांग की कि बिलासपुर के मैदान की तमाम राजस्‍व प्रविष्टियां जल्‍द से जल्‍द सरकार के नाम कर दी जाए। ऐसा न हो कि जैसा बाकी मैदान एचपीसीए ने हड़प लिए है उसी तरह इस मैदान को भी कहीं एचपीसीए हड़प न लें।

उन्‍होंने कहा कि ये मैदान बिलासपुर के युवाओं का है और इसकी जमीन प्रदेश सरकार के नाम होनी चाहिए ताकि इसका लाभ प्रदेश के तमाम युवा उठा सके।

उन्‍होंने कांग्रेस आलाकमान से भी इस मसले पर प्रदेश की सरकार  पर दबाव बनाने का आहवान किया है।

रामलाल ठाकुर की ओर से इस तरह इस मसले को सरेआम उठाने से उन्‍होंने एक तरह से अपनी सरकार को जाग जाने का आहवान किया है।इसके साथ ही उन्‍होंने एचपीसीए  की मंशा को रोकने का आहवान कर नई जंग शुरू करने का एलान कर दिया है।

कहा जाता है कि मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू और अनुराम ठाकुर व उनके पिता प्रेम कुमार धूमल के परिवार के बीच लंबे अरसे से सांठगांठ रही है।

 

संगठन पर भी कसा तंज

राम लाल ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि जिन कांग्रेस के नेताओं ने विधानसभा और लोक सभा के चुनावों में धोखा दिया है वो दोबारा से छलांग लगा कर सता का सुख भोगने के इंतजाम करने में जुटे है।ऐसे धोखेबाज नेता दोबारा कांग्रेस में आने की जुगत में लगे है और पार्टी और सरकार में कुछ लोग उन्‍हें तरजीह भी दे रह है। उन्‍होंने सरकार व संगठन को आगाह किया ऐसे लोगों से सावधान रहे है और जो पार्टी के कार्यकर्ता है उनका मान सम्‍मान रखा जाए।

याद रहे राम लाल ठाकुर विधानसभा चुनाव हार गए थे लेकिन सुक्‍खू सरकार में उनको ज्‍यादा तवज्‍जों नहीं मिली है।