शिमला। आखिर साल बाद ही सही हालीलाज व हिमाचल कांग्रेस की मुखिया सांसद प्रतिभा सिंह हालीलाज के बेहद वफादार यशवंत सिंह छाजटा को हिमुडा का उपाध्‍यक्ष  बनाने में कामयाब  हो गई हैं।हालीलाज कांग्रेस की ये  मौजूदा राजनीतिक हालातों में बड़ी जीत हैं।

सुख की सरकार के मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू अब तक हालीलाज के वफादारों को हाशिए पर  ही रखते आ रहे थे  । ऐसे में कई वफादार हालीलाज कांग्रेस से पाला तक बदलने लगे थे। लेकिन ताजा ताजपोशी में छाजटा को सुक्‍खू  सरकार की ओर से तोहफा मिल गया हैं। प्रधान सचिव शहरी विकास देवेश कुमार की ओर से उनकी ताजपोशी की अधिसूचना जारी हो गई हैं। इसके बाद छाजटा ने मुख्‍यमंत्री सुक्‍खू से मुलाकात भी की।

हालीलाज कांग्रेस के किसी वफादार की सुक्‍खू की सरदारी में चल रही सरकार में एक लंबे अरसे के बाद ये नियुक्ति हुई हैं। इससे हालीलाज कांग्रेस खेमा गदगद तो हैं ही साथ ही बाकी वफादारों की उम्‍मीद भी बंधी है कि हालीलाज कांग्रेस का इकबाल अभी तक खत्‍म  हुआ नहीं हैं। छाजटा पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के वफादारों में शुमार रहें हैं और उन्‍होंने अब तक हालीलाज कांग्रेस का दामन छोड़ा नहीं था।

याद रहे हालीलाज कांग्रेस एक अरसे से अपने वफादारों को सुक्‍खू सरकार में शामिल करने की जददो जहद में लगी हुई थी । प्रदेश कांग्रेस की मुखिया व सांसद प्रतिभा सिंह शिमला से लेकर दिल्‍ली में आलाकमान तक कई दफा अपना एजेंडा सामने रख चुकी हैं। पर सरकार के मुखिया सुक्‍खू अब तक उनकी ओर कान तक नहीं धर रहे थे।

यही नहीं कांग्रेसियों ने अब भाजपाइयों को भी आगे करना शुरू कर दिया था। नतीजतन भाजपा नेताओं ने सुक्‍खू सरकार पर यारों की सरकार की तोहमत इसी कड़ी के तहत लगाई थी।

अब आगे और कितनी ताजपोशियां हालीलाज खेमे से होती है उससे साफ हो जाएगा कि हालीलाज कांग्रेस का सफाया करने की कांग्रेस के भीतर की मुहिम आखिर पहुंची किस मुकाम तक हैं।