शिमला/गगरेट। 83 वर्षीय मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए पार्टी व उसके नेताओं भाजपा सांसद व पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बड़े अनुराग ठाकुर पर संगीन इल्‍जाम लगाया हैं।ड्रग के धंधें में भाजपा के लोगों के शामिल होने की ओर इशारा करते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा माफिया शब्द पड़ोसी राज्य से उधार लिया गया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस प्रदेश में आने वाले ड्रग माफिया के प्रति हमेशा ही सचेत है। उन्होंने कहा कि हालांकि भाजपा को इस बुराई को रोकने में सहायता करनी चाहिए, परन्तु वे भलीभांति जानते हैं कि उन्हीं की पार्टी के कौन लोग इस अवैध व्यापार में शामिल हैं।

 

वो यहीं नहीं रुके व कहा कि माफिया शब्द का प्रयोग वहीं कर रहे हैं, जो इन कार्य में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता यह भलीभांति जानते हैं कि नशे का व्यापार कहां हो रहा हैए तो उन्हें यह बताना चाहिए ताकि इस अवैध व्यापार में लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि ड्रग उत्पाद के नाम पर प्रदेश को बदनाम करना किसी भी हालत में सही नहीं है। इससे लगता है कि भाजपा नेताओं को प्रदेश की कोई परवाह नहीं है और वे अपने निजी स्वार्थों के लिए प्रदेश को विश्व भर में बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

वीरभद्र सिंह ने ऊना जिला के गगरेट में एक विशाल जनसभा  में ये सब सरेआम बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शिरोमणि अकाली दल गठबंधन ने पंजाब को ड्रग माफिया को बढ़ावा दिया, जिसका खामियाजा उन्हें हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भुगतना भी पड़ा।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा माफिया शब्द पड़ोसी राज्य से उधार लिया गया हैए परन्तु भाजपा नेताओं द्वारा किया जा रहा दुष्प्रचार उन्हें आने वाले विधानसभा चुनाव में कोई भी सहायता नहीं करेगा।

धूमल  परिवार व उनके पुत्र अनुराग ठाकुर पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल के दौरान प्रदेश में विभिन्न प्रकार के माफिया पनपे, जिनमें एक क्रिकेट माफिया के नाम से भी प्रसिद्ध था, जो उनके शासनकाल में फलाफूला। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भारी संख्या में पेड़ों को काटकार आलीशान फाइव स्टार होटल बनाया गया।

उन्होंने कहा कि कुछ नेता जो लोकसभा के सदस्य बने हैं वे अपने आपको सर्वोपरि समझते हैं। स्वां नदी की 73 छोटी नदियों के तटीकरण का मसला उठाते हुए उन्‍होंने भाजपा नेताओं व सांसद अनुराग ठाकुर पर बेहद संगीन इल्‍जाम लगा दिया व कहा कि प्रदेश भाजपा नेता और सांसद अनुराग ठाकुर एनडीए सरकार को केन्द्रीय हिस्सा न देने के लिए उकसा रहे हैं।

इस मौके पर  कांग्रेस एमएलए राकेश कालिया ने भाजपा की मुख्यमंत्री वीरभद्र के खिलाफ झूठे मामले बनाने के लिए भी आलोचना की तथा कहा कि भाजपा हमेशा ही मुख्यमंत्री को बदनाम करने के कार्य में लगी रहती है।