शिमला।विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे  दिन सदन में दिलचस्प नजारा देखने को मिला। पिछले साढ़े तीन सालों से वीरभ्रद्र  सिंह  के साथ नजर  आ रहे हाल ही में भाजपा में आए हिलोपा विधायक महेश्वर सिंह ने यूटर्न लिया और सदन में वीरभद्र सिंह का क्रप्शन का मामला उठा दिया।वहीं मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह ने सदन में तल्खी के साथ मोदी सरकार में मंत्री अरुण  जेटली, सदन में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल उनके छोटे  लड़के  अरुण धूमल और दूसरे लड़के व भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर  पर  सीधे -सीधे उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप जड़ दिया। इस पर सदन में हंगामा मच गया। हंगामें के बीच भाजपा सदस्यों ने वॉकआउट कर दिया ।

दूसरी ओर पिछले साढ़े तीन सालों में सदन में पहली बार महेश्वर सिंह ने वीरभद्र सिंह पर इस तरह सीधा हमला किया व स्पीकर से कहा कि सभी अखबारों में छपा है कि सीबीआई वीरभद्र सिंह के आय से अधिक मामले में चार्जशीट अदालत में पेश करने वाली है। इस पर सदन में हंगामा मच गया और महेश्वर सिंह आगे कुछ भी नहीं बोल पाए।

सतापक्ष  व  विपक्ष के बीच इस मसले पर मचे शोरगुल के बीच वीरभद्र  सिंह ने  तेवर  दिखाते हुए कहा कि मुझे इस तरह केस बनाकर नहीं दबाया जा सकता। मैं फोर्स से लड़ूंगा ।मैं ऐसी  चार्जशीटों  से नहीं डरता ।धूमल  इस से पहले जब भी दो बार मुख्यमंत्री बने मेरे खिलाफ केस बनाए। मैं अदालत से बरी होकर बाहर आया।

वीरभद्र  सिंह ने महेश्वर सिंह को लेकर भी चुटकी ली। भारी शोरगुल के बीच उन्होंने कहा कि ‘इसने जनता की संपति पर कब्जा किया है। ताजा-ताजा जख्म है’।इस पर शोरगुल हो गया। सीएम ने शोरगुल के बीच ही कहा कि ‘ये मेरा निजी मामला है। जो मेरा राजनीतिक उत्पीड़न किया जा रहा है,उससे मैं डरने वाला नहीं हूं’।यहां ये गौरतलब है कि सरकार ने महेश्वर सिंह के रघुनाथ मंदिर को सरकारी कब्जे में ले लिया है। उन्हें हाईकोर्ट से स्टे मिला हुआ है। महेश्वर सिंह इसलिए वीरभद्र सिंह  से खफा है। पिछले तीन सालों से वो वीरभद्र सिंह सरकार के साथ खड़े रहे हैं। लेकिन बीते दिनों वो बीजेपी में शामिल हो गए थे।

सीएम ने भाजपा सांसद अनुराग  ठाकुर  की एचपीसीए  का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार में बड़ा जमीन का टुकड़ा भूस के भाव में दे दी। जमीन को गलत तरीके से दिया गया। इस बीच भाजपा विधायक रविंद्र सिंह रवि बीच में बोल पड़े ” आप गलत कह रहे है” । वीरभद्र सिंह ने कहा कि एचपीसीए पांच सितारा  होटल बनाना चाहती थी । खिलाड़ियों को रहने के लिए। लेकिन वहां अाज भी पंद्रह सौ पेड़ खड़े है।जबकि कहा ये गया कि जमीन बंजर कंदीम हैं।

सीएम ने कहा कि उनके खिलाफ अरुण धूमल, अनुराग धूमल , धूमल व अरुण जेटली साजिश कर रहे है। परदे के पीछे जो चल रहा उससे वो डरते नहीं हैं।एक ही मामला है , जो अभी आयकर विभाग के पास लंबित है। इसके अलावा इसी मामले की सीबीआई और इडी भी जांच कर रही है।तीन एजेंसियां एक ही मामले  के पीछे पड़ी हैं, तो क्या ये ‘बिचहंटिंग’ नहीं तो और क्या है। अंत में जीत सच्चाई की होगी। उन्होंने कहा कि वो सबको एक्सपोज करेंगे।आज सदन में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार  धूमल  मौजूद नहीं थे।

 

इसके बाद वीरभद्र सिंह ने भाजपा विधायकों की ओर मुखातिब होकर अजीब टिप्पणी कर दी कि जो उन पर आरोप लगा रहे हैं” उनका मुंह काला हो, और जो अखबार शह दे रहे हैं उनका मुंह भी काला हो जाएगा।भाजपा विधायकों  ने इस पर एतराज जताया व इन शब्दों को कार्यवाही से निकालने की मांग की।

भाजपा विधायक सुरेश  भारद्वाज  बार बार वीरभद्र सिंह के खिलाफ बोल रहे तो सीएम ने उनको लेकर भी टिप्पणी की व बोले ”भारद्वाज जी कुछ तो शर्मा करो,ये, पंड जी महाराज’।वीरभद्र सिंह ने कहा कि आप लोगों को जनता  को जवाब देना है।

भाजपा विधायक शोरगुल करते रहे तो इस पर वीरभद्र सिंह ने उनकी ओर मुखातिब होकर उकसाते हुए बार -बार कहा कि ‘वॉक आउट करो’, आप ‘वॉकआउट करो’। वो बोले ‘आउट’। इससे भाजपा विधायक भड़क गए और भाजपा विधायक रविंद्र सिंह रवि ने माइक पर हाथ मार दिया।

रविंद्र रवि की अगुवाई  में सारे भाजपा विधायक स्पीकर बी बी बुटेल के आसन के सामने आ गए और नारे लगाने लगे। रवि ने सचिव विधानसभा  के टेबल पर रखी फाइल उठाई व उसे जोर जोर से टेबल पर पटकते रहे। इस बीच पीछे से रिखी राम कौंडल ने रवि की पीठ पर हाथ रखा व फाइल को टेबल पर पटकने से रोका। रवि पीछे आ गए और भाजपा विधायक जमकर नारेबाजी करते रहे।

इस बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने टीसीपी संशोधन बिल वापस  ले लिया और शोरगुल के बीच भाजपा सदस्यों ने वॉकआउट कर दिया। थोड़ी देर बाद वो फिर वापस आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा विधायकों ने स्पीकर की ओर से उन्हें बोलने का समय न दिए जाने पर आखिर में भी वॉकआउट कर दिया। इस बीच रविंद्र रवि की ओर से माइक पर हाथ मारने के मामले  को लेकर स्पीकर बी बी बुअेल ने कहा कि ये सदन की अवमानना है। कार्यवाही की जाएगी।

आखिर में सीएम ने सदन में शिमला से दो साल पहले किडनैप हुए चार साले के बच्चे की लाश मिलने की जानकारी सदन को दी व कहा कि ये मामला सुलझा लिया गया है।