शिमला। राजधानी के लोअर बाजार में आज सुबह तड़के आग लगने से एक युवक बुरी तरह से झुलस गया जबकि सात दुकानें देखते- देखते जलकर राख हो गई। अागजनी के इस हादसे में करोडों के नुकसान का अंदेशा जताया गया है।झुलसे युवक मोहित को घायलावस्‍था में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है।उसकी हालात गंभीर बताई जा रही है।

शिमला में पानी की दिक्कत के चलते आग बुझाने के लिए सोलन से फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मंगवाना पड़ा। 

आग सुबह साढ़े तीन बजे के करीब लगी और गैस सिलेंडर में धमाका होने से आग आस पास की दुकानों तक फैल गई।   दुकानदार सनी ने कहा कि वैसे तो फिरे ब्रिगेड मौके पर पहुँच गई थी लेकिन एन मौके पर पानी ख़त्म हो गया जिसकी वजह से अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गई। यदि शिमला में पर्याप्त पानी होता और सोलन से गाड़ी नही मंगवानी पड़ती  और नुकसान भी कम होता ।इन दिनों राजधानी में  पानी की राशनिंग चल रही  है। सीवरेज मिला  पानी होने से अश्‍वनी खडड से पानी की सप्‍लाई पर रोक लगा दी है।

 

शिमला डिवीज़न फायर ऑफिसर जे सी. शर्मा ने कहा कि सुबह सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँच गयी थी और आग पर काबू पा लिया गया है। यदि कुछ देर और होती तो आगजनी और भी नुकसान कर सकती थी। उन्होंने बताया की पानी की कमी के चलते  एक फायर की गाड़ी सोलन से भी मंगवानी पड़ी ।

आगजनी  की जानकारी मिलने के बाद मेयर संजय चौहान व डिप्‍टी मेयर टिकेंद्र पवंर व स्‍थानीय विधायक मौके पर पहुंचे । एमएलए सुरेश भारद्वाज ने कहा कि फायर ब्रिगेड ने मुस्‍तैदी से काम किया लेकिन पानी की कमी के चलते आग बुझाने में मुश्किल आई है। उनके  बाद मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया।