शिमला।शिमला ग्रामीण से कांग्रेस नेता और कांग्रेस संगठन में पकड़ रखने वाले हरी कृष्‍ण हिमराल कल यानी 16 जनवरी से तीन दिवसीय अर्की दौरे पर रहेंगे। हिमराल हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक एवं मनरेगा के समन्वयक है।

अपने दौरे के दौरान वे अर्की कांग्रेस में संगठन के पदाधिकारियों,पंचायत प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान को गति देंगे।

 

 

वो 18 जनवरी तक अपने अर्की विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के दौरान पहले दिन 16 जनवरी को अर्की पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित करेंगे जिसमें मनरेगा से जुड़े मुद्दों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होगी।

 

दूसरे दिन क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों, जोन और जिला परिषद वार्डों का दौरा कर जनसंपर्क किया जाएगा व कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

इसके अलावा अर्की अग्निकांड  से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं का जायजा लिया जाएगा। याद रहे इस अग्निकांड में दस लोग जिंदा जल गए थे। इससे पहले अग्निकांड प्रभावितों से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्‍य सिंह और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मुलाकात कर चुके है।

स्‍थानीय विधायक संजय अवस्‍थी व अर्की के बाकी नेता तो मौके पर पहले ही आ गए थे।

 

अपने दौरे के तीसरे दिन हिमराल बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे और वापस शिमला को लौट जाएंगे।

 

याद रहे अर्की विधानसभा हलके से लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्‍याशी सुरेश कश्‍यप को साढ़े पंद्रह हजार मतों की लीड मिली थी। अभी तक इस लीड की पड़ताल नहीं की जा सकी है कि कहां पर खामी रही थी। देखना है कि हिमराल अर्की जो कभी पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह को चुनावी हलका था, में पार्टी की खामियों का पता लगा पाते है या नहीं है।

याद रहे जब ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर को कांग्रेस पार्टी का राज्‍य अध्‍यक्ष बनाया गया था तो हिमराल ने संगठन के तौर पर बेहतर काम किया था। नतीजतन कांग्रेस पार्टी सोलन नगर निगम का चुनाव जीत गई थी और बाद में मंडी लोकसभा के तत्‍कालीन सांसद राम स्‍वरूप शर्मा की मौत के बाद हुए उप चुनाव में कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह भी चुनाव जीत गई थी।