शिमला।राजधानी में इस क्रूर,नशीली ठंडी और क्रिसमस व नए साल के जश्‍न के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मातहत जांच एजेंसी सीबीआई और केंद्रीय वित मंत्री निर्मला सीतारमण की मातहत जांच एजेंसी ईडी के बीच पिछले दो दिनों से आंखमिचौली चल रही है। सीबीआइ सूत्रों के मुताबिक सीबीआइ की टीम अभी भी शिमला में छोटा शिमला के करीब ईडी के कार्यालय में कुछ कामकाज कर रही है।

 

इस आंखमचौली को चुपके से दूर से देख रही मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू की खुफिया एजेंसी सीआइडी अवाक है। उसे समझ नहीं आ रहा है के केंद्र की ये एजेंसियां व उनके कारिंदे ये कैसे आपरेशन को अंजाम दे रहे है।

बहरहाल, मामला गबन व रिश्‍वत का बताया जा रहा है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इडी के अतिरिक्‍त निदेशक विकास दीप को दबोचने के लिए सीबीआइ की टीम शिमला आई तो जरूर लेकिन इससे पहले कि वो अपना शिकार दबोच पाती शिकार कहीं फुर्र हो गया। अब सीबीआइ उसके घरों व कार्यालय में कुछ टटोलने की कोशिश कर रही है।

इस आपरेशन को सीबीआइ भी और इडी भी गुप्‍त रखने का पूरा इंतजाम कर रही है लेकिन सुक्‍खू की चौकन्‍नी सीआइडी ने अपने आला आकाओें को खबर भेज दी है कि ठंडी के मौसम में शिमला में ऐसा कुछ हो रहा है।

याद रहे कि मोदी सरकार में पिछले कुछ साल पहले दिल्‍ली में सीबीआइ और आइबी के अफसरों के बीच भी इसी तरह की धींगामुश्‍ती हुई थी।

फिलहाल,आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार है।