धर्मशाला।प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा सत्र के शुरू होने से पहले शरारती दावा कर डाला है। चूंकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक में नहीं पहुंचे तो सुक्खू ने दावा कर डाला कि नेता प्रतिपक्ष जय राम […]
धर्मशाला।प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह विभाग का जिम्मा संभाल रहे सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा सत्र के शुरू होने से पहले शरारती दावा कर डाला है।
चूंकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक में नहीं पहुंचे तो सुक्खू ने दावा कर डाला कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर के विरुद्ध भाजपा के कुछ विधायक षडयंत्र रच रहे हैं, इसलिए शायद वह सर्वदलीय बैठक में नहीं आए होंगे।मुख्यमंत्री ने ये भी दावा किया कि सदन के भीतर विपक्ष में तालमेल की कमी है और विपक्ष कई धड़ों में बंटा हुआ है।
उन्होंने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले परम्परा के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष सभी दलों के प्रतिनिधियों को बुलाकर बैठक करते हैं। अगर नेता प्रतिपक्ष सर्वदलीय बैठक में किसी कारणवश शामिल होने में असमर्थ होते हैं तो वह अपने प्रतिनिधि को इस बैठक में भेजते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआए जो गरिमा के विरुद्ध है।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा सत्र के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सत्र के दौरान जनता से जुड़े मुद्दे उठाने चाहिए ताकि इसका लाभ हिमाचल प्रदेश के लोगों को मिल सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष वाकआऊट छोड़ कर लोगों के मुद्दे उठाए और विधानसभा की चर्चा में भाग ले।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से देखा गया है कि विपक्ष सदन में अपनी बात रखता है और जब मंत्री उसका जवाब देने लगते हैं तो वाकआऊट करके सदन छोड़कर बाहर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
