शिमला।मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू इन दिनों महफिल  लूटने में लगे हुए  हैं। बीते रोज उन्‍होंने क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों पर 15-15 करोड़ रुपए लेने का इल्‍जाम लगाया था । आज उन्‍होंने कांग्रेस सरकार में पूर्व मंत्री  रहे सुधीर शर्मा पर निशाना साधा और दावा कर डाला कि धर्मशाला के पूर्व विधायक सुधीर शर्मा बागियों के सरगना है। उन्हें 15 करोड़ रुपये से भी अधिक मिले होंगे। उन्‍होंने कहा कि भाजपा में गए छह पूर्व विधायकों के सभी कारनामे जनता की अदालत में सामने आएंगे। जिन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है उनके मामले भी खोले जाएंगे।

 अपने विधानसभा हलके नादौन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुक्‍खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की सत्ता की भूख ज्यादा बढ़ गई है। वोट के दम पर सरकार नहीं बना सके तो अब नोटों के दम पर सत्ता हथियाना चाह रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि जनता भाजपा को नकार चुकी है यह जयराम ठाकुर को दिमाग में बिठा लेना चाहिए। अन्य प्रदेशों में भाजपा ने नोटों के दम सत्ता हथियाई वैसा ही हिमाचल में करना चाह रहे थे। लेकिन भगवान हमारे साथ हैं और उन्होंने हमें जनता की सेवा का मौका दिया है।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि बिकाऊ को जनता कभी जिताऊ नहीं बनाएगी। उन्‍होंने नया खुलासा करते हुए कहा कि बागी विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में 300 से 400 करोड़ रुपये के काम हुए । उनकी मर्जी के एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार, अधिशाषी अभियंता और एसडीओ लगाए, फिर भी बिक गए। राजनीति में यह नहीं होना चाहिए कि चुनाव में जो राशि खर्च हुई विधायक बनने के बाद उसे पूरा करने में जुट जाएं और कमाई न हो तो सरकार गिराने की साजिश रच दें। बिकाऊ विधायकों का चरित्र जनता के सामने बेनकाब हो चुका है।

 

टिकटों पर शनिवार को साफ होगी स्थिति

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि शनिवार को लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के टिकट फाइनल करने के लिए दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। उसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति को नाम भेजे जाएंगे। शाम तक टिकटों को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी।