शिमला।हिमाचल विधानसभा में बजट सत्र के दौरान 27 फरवरी को भाजपा प्रत्‍याशी हर्ष महाजन के पक्ष में क्रास वोटिंग करने वाले कांग्रेस के छह और तीन आजाद विधायक पंचकूला के जिस ललित होटल में ठहरे थे उसका बिल एक फार्मा कंपनी ने अदा किया था। पुलिस अब ये पता करने में लगी है कि इस कंपनी ने ये बिल किसके कहने पर व क्‍यों अदा किया था।

क्रास वोटिंग करने वाले तत्‍कालीन कांग्रेस विधायक हमीरपुर से राजेंद्र राणा,बड़सर से इंदर दत लखनपाल धर्मशाला से सुधीर शर्मा, ऊना के गगरेट से चैतन्‍य शर्मा,लाहुल स्पिति से रवि ठाकुर के अलावा हमीरपुर से आजाद विधायक आशीष शर्मा,नालागढ़ से के एल ठाकुर और देहरा से होशियार सिंह  और विधायक चैतन्‍य शर्मा के पिता पूर्व आइएएस अधिकारी व उतराखंड के पूर्व मुख्‍य सचिव राकेश शर्मा ललित होटल में ठहरे थे। इसके अलावा भाजपा विधायक विक्रम सिंह भी सात मार्च को इसी होटल में ठहरे थे।

इस फार्मा कंपनी ने अदा किया था बिल

इन सबका का बिल मैसर्स एलेस्‍टर फार्मा प्राइवेट लिमिटेड मनी माजरा ने अदा किया था। कुल बिल की रकम आठ लाख के करीब  बनी थी। इसमें से अब तक  पौने पांच लाख रुपए उक्‍त फार्मा कंपनी की ओर से अदा कर दिए गए हैं। तीन लाख के करीब   अभी अदा किए जाने है।

बीमार हो गया है कंपनी का मालिक

पुलिस ने इस होटल के मालिक से पूछताछ करने के लिए टीम उसके कार्यालय भेजी थी ताकि ये इस रकम का भुगतान उन्‍होंने किसके कहने व क्‍यों किया था। पुलिस का ये दावा है कि यह वहां नहीं मिला। लेकिन  दो दिन पहले  उसके वकील बालूगंज थाना में पहुंचे थे व उन्‍होंने पुलिस को बताया कि चूंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है इसलिए वह कुछ दिनों तक जांच में शामिल नहीं हो सकते। अभी इस मामले में जांच जारी है।