शिमला।पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के राजनीतिक तौर पर पार्टी में पूर्व में धुर विरोधी रहे मुख्‍यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू व उनका कुनबा सत्‍ता हाथ में आने के बाद वीरभद्र सिंह को भूलाने की दिशा में आगे बढ़ते जा रहे हैं। अब तो राजनीतिक रैलियों में भी वीरभद्र सिंह का नाम कम ही सुना जाता हैं।

सत्‍ता में आने के बाद में वीरभद्र सिंह का नाम रैलियों व जनसभा में न लेने की टीस उनकी पत्‍नी व प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष प्रतिभा सिंह जताती भी रही हैं और वह जनसभाओं में इस बात को उठाती भी रही हैं। वह खुलेआम कहती रही है कि वीरभद्र को हिमाचलवासियों के जेहन से आसानी से नहीं हटवाया जा सकता ।लेकिन सत्‍ता में बैठे कांग्रेसियों पर कोई ज्‍यादा असर नहीं पड़ रहा हैं।

अब प्रतिभा सिंह की कमान में कांग्रेस पार्टी ने 23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती पर इस दिवस को विकास दिवस के रूप में मनाने का इंतजाम किया हैं। कांग्रेस की प्रदेश अध्‍यक्ष प्रतिभा सिंह के राजनीतिक सचिव व पार्टी के महासचिव अमित पाल सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि इस दिन सभी ब्लॉकों में कांग्रेस अनेक कार्यक्रम आयोजित करेंगी।राज्य स्तरीय कार्यक्रम शिमला में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित होगा।

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश के सभी ब्लॉकों में इस दिन रक्तदान शिविर व पौधरोपण के साथ-साथ वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

जाहिर है अब वीरभद्र सिंह को याद करने के लिए भी जददोजहद की करनी पड़ रही हैं। सियासत व सत्‍ता  के रंग होते ही निराले हैं।