शिमला। प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में चल रहे घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह आज मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को संगठन के दरवाजे पर लाने में कामयाब हो गई है। इाके अलावा उन्होंने यह भी तय करवा दिया कि हर महीने कोई न कोई मंत्री कांग्रेस मुख्यालय में बैठकर लोगों के कामों […]
शिमला। प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में चल रहे घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह आज मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को संगठन के दरवाजे पर लाने में कामयाब हो गई है। इाके अलावा उन्होंने यह भी तय करवा दिया कि हर महीने कोई न कोई मंत्री कांग्रेस मुख्यालय में बैठकर लोगों के कामों को निपटाएगा। ढाई महीने की सुक्खू सरकार में अभी तक सुक्खू व उनकी जुंडली का ही दबदबा चल रहा है। हालीलाज कांग्रेस अभी तक एक तरह से हाशिए पर ही हैं।
हालांकि भाजपा के आक्रामक प्रचार को देखते हुए यह संगठन व सरकार सही फैसला लग रहा है । इससे पहले भी इस तरह के कदम उठाए जाते रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू ने इस मौके पर कहा कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करने के दृष्टिगत हर महीने कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मंत्रियों के मध्य आपसी चर्चा के लिए बैठकें आयोजित की जाएंगी। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं के अविलंब एवं प्रभावी समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से परामर्श के बाद यह कदम उठाया गया है।
वह आज करीब तीन घंटे तक वे पार्टी कार्यालय में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न भागों से आए प्रतिनिधिमंडलों,पार्टी कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं एवं अधिकांश का मौके पर निपटारा भी किया। उन्होंने दोहराया कि सभी गारंटियां भी चरणबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी।
इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हर महीने एक मंत्री के बैठने से एक ओर जहां संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल बनेगा वहीं दूसरी ओर आम लोगों को भी अपनी समस्याएं सरकार के सामने रखने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज इसकी शुरुआत कर इस परम्परा को शुरू किया हैएइसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करती हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बने अभी तीन महीने ही हुए है ऐसे में भाजपा का सरकार पर हो हल्ला करना समझ से परे है
प्रतिभा सिंह ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हर महीने एक मंत्री अवश्य उपलब्ध रहेंगे जो पार्टी नेताओं व अन्य लोगों से मिल कर उनकी समस्याओं का निदान करेंगे।
इस दौरान कांग्रेस मुख्यालय में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, चंबा के विधायक नीरज नैयर,कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह, यशवंत छाजटा,चेतराम ठाकुर,देवेंद्र बुशहरी, अमित नंदा,यशपाल तनाईक, केशव नाईक, कृष्ण लाल, जितेंद्र चौधरी, हरिकृष्ण हिमराल, सुशांत, तरुण पाठक,कांग्रेस सेवादल अनुराग शर्मा,महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल,एनएसयूआई अध्यक्ष छतर सिंह व कई अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
