शिमला। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी के रसोइए के पुत्र प्रकाश चंद कराड को सुक्‍खू सरकार ने राष्‍ट्रीय बचत राज्‍य सलाहकार बोर्ड का उपाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया हैं। मुख्‍य सचिव प्रबोध सक्‍सेना ने आज इस बावत अधिसूचना जारी कर दी।

याद रहे अर्की विधानसभा हलके में 2007 में  तत्‍कालीन विधानसभा उपाध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी धर्मपाल ठाकुर का टिकट कटा कर कांग्रेस पार्टी का टिकट हासिल करने में कामयाब रहे प्रकाश कराड ने अर्की की राजनीति में खलबली मचा दी थी। अर्की आरक्षित हलका नहीं हैं। बावजूद इसके वह इस ओपन सीट से  कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडे और धर्मपाल ठाकुर ही नहीं वीरभद्र सिंह को भी चुनौती खडी कर दी थी।

इस पर तब धर्मपाल ठाकुर बतौर आजाद खडे हो गए व उनकी पर्दे के पीछे से वीरभद्र सिंह का पूरा साथ मिला। यहीनहीं तब कराड के विरोधी कांग्रेसियों ने  अर्की में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।

लेकिन धर्मपाल ठाकुर जीत नहीं पाए और कांग्रेस की इसआपसी जंग ने भाजप के लिए जीत के दरवाजे खोल दिए और कर्मचारी नेता गोबिंद राम शर्मा भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत गए। इसके बाद वह 2012 में दूसरी बार भाजपा के टिकट पर जीते। यह प्रकाश कराड ही थे जिन्‍होंने धर्मपाल ठाकुर के राजनीति भविष्‍य को तबाह कर दिया और अर्की में कांग्रेस  का दबदबा खत्‍म हो गया था।

यह तो 2017 में पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने पुत्र विक्रमादित्‍य की खातिर अपने चुनावी हलके शिमला ग्रामीण के बजाया अर्की से चुनाव लडा था। इन चुनावों में भाजपा ने गोंबिंद राम शर्मा की जगह नए चेहरे रत्‍न पाल को टिकट दिया व वीरभद्र से हार गए।

सुक्‍खू सरकार में अर्की विधानसभा हलके से नियुक्तियों को बडी तरजीह दी जा रही हैं। अर्की से कई चेहरे सरकार में महत्‍वपूर्ण पदों पर विराजमान हो गए हैं।इसे अर्की  के विकास में कुछ असर पडेगा या यह सब वीरभद्र खेमे की जमीन संकरी करने का प्रयास हैं। यह आने वाले दिनों ही प्रत्‍यक्ष हो पाएगा।