शिमला/बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के बीच बेशक पुराना दोस्‍ताना हैं लेकिन आज की उनकी बिलासपुर रैली में अनोखा हुआ। इस रैली में न तो शांता कुमार और न ही प्रेम कुमार धूमल , उनके पुत्र व सांसद अनुराग ठाकुर और न ही मोदी सरकार में मंत्री जगत प्रकाश नडडा ने वीरभद्र सिंह के भ्रष्‍टाचार को लेकर हमला बोला।

ऐसा लगा मानो सब वीरभद्र सिंह सरकार को क्‍लीन चिट देते जा रहे हैं। आखिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लंबे भाषण के आखिर में मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह के भ्रष्‍टाचार  के मामले में जमानत पर होने का मसला उठा दिया। तब लगा कि ये रैली भाजपा शासित राज्‍य नहीं बल्कि विरोधी पार्टी शासित राज्‍य में हो रही हैं।

इस रैली में प्रधानमंत्री मोदी नेआगामी विधानसभा  चुनावों  में  भाजपा की  ओर से सीएम  प्रत्‍याशी कौन होगा इस पर मौन  साधे रखा ।  लेकिन अपनी केबिनेट के  मंत्री जगत  प्रकाश नडडा की खूब तारीफ कर गए।

रैली में मोदी ने तीखा हमला बोला व कहा कि ‘’प्रदेश में जमानती सरकार चल रही हैं। मुख्‍यमंत्री क्‍या उनका पूरा कुनबा जमानत पर हैं।उन्‍होंने कहा कि उन्‍हें एक बार हिमाचल के कांग्रेसी मिले तो जब उनसे वो पूछते हैं कि वो अपना सीएम बदलते क्‍यों नहीं हो।वो जमानत पर हैं। तो वो कहते हैं कि वो कैसे बदल सकते हैं, उनकी तो अध्‍यक्षा खुद जमानत पर हैं।युवराज भी जमानत पर हैं। पूरी पार्टी ही जमानत पर हैं।पार्टी भी जमानत पर  हैं।सरकार भी जमानत पर हैं। उन्‍होंने रैली में जुटी भीड़ से कहा कि ऐसी सरकार को जमानत देनी है कि नहीं देनी  हैं।।इसे मुक्‍त करना हैं या नहीं।

मोदी ने मुख्‍यमंत्री  पर केवल  इतना ही हमला किया। बाकी किसी भी नेता ने वीरभद्र सिंह के भ्रष्‍टाचार को लेकर कोई हमला नहीं बोला। ये दिलचस्‍प रहा।

प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर  में एम्‍स , आइआइटी उना, व कांगड़ा के कंदरोड़ी में लगने वाले स्‍टील प्‍लांट का उदघाटन किया। एम्‍स  खुलने के फायदे  गिनाते हुए  उन्‍होंने अजीब तर्क दिया व कहा कि यहां अस्‍पताल खुलने से पर्यटन बढ़ेगा। उन्‍होंने व्‍याख्‍या करते हुए कहा कि देश भर से सैलानी  यहां आते हैं कई बार बसें खाई  में  गिर  जाती हैं अब यहां अस्‍पताल खुल गया हैं।अगर ऐसा कोई हादसा होगा तो अब वो यहां से बेहतर  इलाज करा कर अपने राज्‍यों  में  जा  सकेंगे । इससे पर्यटन  बढ़ेगा।हिमाचल की आर्थिकी को  पर्यटन  से  ही संबल मलेगा।

बाकी  पूरे समय वो अपनी सरकार के कार्यों का बखान करते रहे और स्‍वच्‍छता में हिमाचल सरकार की ओर से किए प्रयासों के लिए यहां की सरकार व अफसरों की पीठ भी थपथपाई।

इस मौके पर शांताकुमार ने भावुक  भाषण  दिया व जनसंघ  व  जनता पार्टी  व  भाजपा  को  प्रदेश  में  खड़ा करने  के  लिए  किए  संघर्ष  की  याद  दिलाई।

भाजपा सांसद अनुराग  ठाकुर  ने कहा  कि यहां  की  सरकार  ने जमीन  नहीं  दी अन्‍यथा मोदी सरकार   बहुत कुछ  दे  देती। पूर्व  मुख्‍यमंत्री  प्रेम  कुमार  धूमल  ने  मोदी  सरकार  व अटल  सरकार  ने  हिमाचल के लिए  क्‍या  -क्‍या  सौगातें  दी  इसका  जिक्र  किया।

जबकि  मंत्री  जगत  प्रकाश  नडडा  ने  कहा  कि  अब  तक  यहां  जितने  भी पीएम आए  वो मांगने आए। लेकिन मोदी पहले प्रधानमंत्री  हें  जो हिमाचल को देने आए हैं।