शिमला। प्रदेश के आयुर्वेद मंत्री  व बंजार से कांग्रेस विधायक कर्ण सिंह का एम्‍स में बीमारी के बाद बीती रात निधन हो गया । उनके पार्थिव शरीर को हैलीकाप्‍टर से दोपहर बाद कुल्‍लू के भुंतर हैलीपैड पर उतरा गया। वह साठ वर्ष के थे व पिछले कुछ दिनों से दिल्‍ली स्थित एम्‍स में भर्ती थे।

उनके निधन पर शुक्रवार को राज्‍य स्‍तरीय शोक रखा गया व तिरंगे को आधा झुका रखा गया।

अक्तूबर 1957 में कुल्लू के राज परिवार में  जन्‍में कर्ण सिंह पहले भाजपा में थे।उन्होंने तीन बार बंजार विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और प्राथमिक शिक्षाए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पर्यावरण मंत्री रहे। वह दो बार कुल्लू जिला भाजपा के अध्यक्ष रहे और वर्ष 2008 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।

वह वर्ष 2012 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव में निर्वाचित घोषित किए गए और आयुर्वेद व सहकारिता मंत्री बने। उनकी शादी कुंवरानी शिवानी से हुई थी।

 

 

उनके निधन पर राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत,स्‍पीकर बीबी बुटेल,मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह,उनकी केबिनेट के सदस्‍यों समेत सभी नेताओं ने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह  कर्ण सिंह के निधन की खबर से व्यक्तिगत तौर पर दुःखी हैं। वीरभद्र सिंह ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की है।

राज्य सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में शुक्रवार को राज्य स्तरीय शोक की घोषणा की। राज्य के सभी सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।