शिमला। राजधानी के कई थानों की पुलिस को चकमा देकर बिजली बोर्ड के मल्‍याणा स्‍टोर से दो गाडि़यों में 38 क्विंटल तांबे की तारों को चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरों ने स्‍टोर के चौकीदार को बंधक बनाया और मजे से सारा माल गाडि़यों में डाला और शंहशांह की तरह चल दिए। इन दोनों गाडि़यों को न्‍यू शिमला में सीसीटीवी कैमरे में देखा गया हैं लेकिन गाड़ी के नंबर नजर नहीं आ रहे हैं।

पुलिस कप्‍तान के मुताबिक ये गाडि़यां शोघी में सीसीटीवी फुटेज में कैद नहीं हुई हैं ऐसे में आशंका हैं कि चोर चक्‍कर टूटू होते हुए कुनिहार होकर नालागढ़ की ओर निकले हो। बददी पुलिस को अलर्ट कर दिया हैं।

रात को करीब दो बजे के करीब हुई इस वारदात के बाद राजधानी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा हैं। ओपन बाजार में तारों की कीमत 12 लाख रुपए के करीब आंकी गई हैं।

पुलिस के पास लिखाई शिकायत में चौकीदार ने कहा कि पहले दो लोग आए व उन्‍होंने उससे पीने के लिए पानी मांगा।उसके बाद और लोग आए व उन्‍होंने उसे बांध दिया। इसके बाद सारे चोर स्‍टोर में घुसे व तारों के बंडल बाहर खड़ी दो गाडि़यों में भरने लगे। सारा कांड करने के बाद चोर दोनों वाहनों को लेकर फरार हो गए। चौकीदार आउटसोर्स पर  रखा गया हैं।

फिल्‍मी स्‍टाइल की इस चोरी का पता लगने पर शिमला शहर के आला अफसरों ने मौक के का मुआयना किया । एसपी शिमला डीडब्‍ल्‍यू नेगी ने कहा कि शहर भर में लगे सीसीटवी फुटेज को खंगाला जा रहा हैं।

अपराधियों को धीमी गति से पकड़ने के लिए कुख्‍यात शिमला पुलिस शाम खबर लिखे जाने तक बिलकुल खाली हाथ थी। गाडि़यों के नंबर तक पता नहीं चले हैं।

इसी तरह दिसंबर 2016 में राजधानी के यूको बैंक में 1 करोड़ तीन लाख रुपए के ट्रंक चोरी होने के मामले को भी पुलिस सुलटा नहीं पाई हैं। जबकि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज हैं।

 

 

 

 

ा