शिमला।विवादों के लिए सुर्खियों में  रहने वाले दूरदर्शन शिमला  में आज सीबीआई व दूरदर्शन की विजीलेंस टीम  ने छापेमारी कर ढेरों  कागजातों की पड़ताल की  है। सुबह  11 बजे से शुरू हुई ये पड़ताल शाम आठ बजेे तक भी चलती रही है।

जानकारी के मुताबिक मामला शिमला दूरदर्शन पर दिखाए जाने वाले नाटकों  व धारवाहिकों की रायलिटी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।सूत्रां के मुताबिक दूरदर्शन में बड़े पैमाने पर हो रही वितीय अनियमितताओं का कच्‍चा चिट्ठा किसी ने सीबीआई व दूरदर्शन के दिल्‍ली स्थित मुख्‍यालय को भेजा था।

इस कच्‍चे चिटठे को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई ने आज शिमला दूरदर्शन के कार्यालय में दबिश दे दी व सुबह कार्यालय के मुलाजिमों  के पहचान चैक किए गए। स्‍टाफ को गेट पर  रोका भी गया। सूत्रों  के मुताबिक सीबीआई के आधा दर्जन से ज्‍यादा अधिकारी व कर्मचारी दूरदर्शन कार्यालय में सुबह से  सारा रिकार्ड छान रहे है।हालांकि आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जा रहा हैै।सीबीआई रेड के बारे में केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने भी पुष्टि की है।

सीबीआई ने बहुत सा रिकार्ड अपने कब्‍जे में ले लिया है।दूरदर्शन केअधिकारी इस रेड को रूटीन काम बता रही है। लेकिन सूत्र बताते है कि ये  रेड अनियमितताओं के मामले से जुड़ी है।

शिमला दूरदर्शन विवादों के लिए मशहूर रहा  है। कैजुअल व पार्ट टाइम कर्मचारी यहां पर धरना प्रदर्शन कर चुके है। इसके अलावा कुछ लोग अदालत में भी जा चुके है।