शिमला।लोक संपर्क विभाग की वेबसाइट की रिलॉचिंग करने के मौके पर मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह धूमल परिवार पर अपरोक्ष रूप से कटाक्ष करने से नहीं चूके। वो बोले हिमाचल में कुछ लोग है जो मेरे बैंक अकाउंट हैक करते है। कुछ लोग विभाग की साइट को भी नहीं छोड़ते। रिलॉंचिंग के मौके पर मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि अब साइट को कोई आसानी से हैक नहीं कर सकता।

उन्‍होंने मंत्रिमंडल विस्‍तार को लेकर कहा कि कोई विस्‍तार होने वाला नहीं है। अगर कुछ होगा तो मानसून सत्र के बाद ही होगा। उन्‍होंने सफाई दी कि उन्‍होंने विधायक कर्ण सिंह को कभी भी मंत्री पद देने का वादा नहीं किया था। उन्‍हें मंत्री बनाने की सिफारिश जरूर की थी। लेकिन वो दसवें नबंर पर थे। इसलिए रह गए। बाकी जो आलाकमान कहेगा वो होगा।

उन्‍होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में हार की जिम्‍मेदारी किसी एक पर नहीं थोपी जा सकती। सामूहिक जिम्‍मेदारी लेनी होगी।हम सब जिम्‍मेदार है। दोषारोपण करने के बजाय समीक्षा कर हार के कारणों को दूर करना होगा।

विक्रमादित्‍य से नटवर की किताब मंगा पढ़ेंगे वीरभद्र

कांग्रेस  पार्टी  के पूर्व नेता व गांधी परिवार के करीबी रहे नटवर सिंह  की ओर से लिखी किताब को लेकर वीरभद्र सिंह ने कहा कि ये उनकी निजी किताब है। वह अपने बेटे से कहेंगे  कि किताब लाए तो वो उसे पढ़़ेंगे।क्‍या किस संदर्भ में लिखा है तभी समझा  जा सकेगा।

बागियों  की वापसी की वकालत

मुख्‍यमंत्री ने पार्टी के खिलाफ विधानसभा चुनावों में  बगावत करने के वाले कांग्रेसियों को वापस पार्टी में लेने की वकालत की है। उन्‍होंने कहा कि जो जमीन पर काम करते है और जिनका लोगों में रसूख है उन्‍हें वापस पार्टी में  लिया जाना चाहिए। विधानसभा  के मानसून सत्र को लेकर उन्‍होंने  कहा कि भाजपा अपने रवैये में बदलाव करेगी व कार्यवाही में भाग लेगी। सरकार बातचीत के जरिए सकारात्‍मक समाधान चाहती है।उन्‍होंने धारा 118  को लेकर सफाई दी कि  ये बदलाव उन फैक्‍टरियों को लेकर है  जिन्‍हें पहले 118 की मंजूरी मिल चुकी है और जो अब बंद हो गई और उन्‍हें कोई और खरीदना चाहता है। उन्‍हें दोबारा 118 की मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है।

इस मौके पर लोक संपर्क विभाग के मंत्री मुकेश अग्‍निहोत्री ने कहा कि पत्रकारों को बैठने के लिए सचिवालय में मीडिया कक्ष मुहैया कराया जाएगा और लोकसपंर्क विभाग शीघ्र ही हिमाचल डायरी शुरू करेगा। इस मौके पर विभाग के निदेशक राकेश शर्मा साइट की विशेषताओं  पर रोशनी डाली।