शिमला। जिला सोलन के बागा में स्‍थापित अल्‍ट्राटेक सीमेंट कंपनी प्रबंधन ने सीमेंट ढुलाई के मालभाडे में बढोतरी कर अदाणी समूह को संकट में डाल दिया हैं। बीते रोज अल्‍ट्राटेक ने सीमेंट ढुलाई के मालभाडे में बढोतरी कर किराया 10 रुपए 71 पैसे  प्रति टन प्रति किलोमीटर कर दिया हैं। पहले यह मालभाडा 10 रुपए 58 पैसे था।

इस बढोतरी  से अदाणी समूह के इस दावे को धक्‍का लगा है कि उसे मालभाडा ज्‍यादा होने की वजह से दाडला व बरमाणा  के सीमेंट कारखाने चलाने से नुकसान हो रहा हैं। बडा सवाल यह हो गया है कि अगर अल्‍ट्राटेक को नुकसान  नहीं हो रहा है तो फिर अदाणी को नुकसान कैसे हो रहा हैं।

उधर,बरमाणा और दाडला के आंदोलनरत आपरेटरों ने इस बढोतरी के बाद अदाणी प्रबंधन को कटघरे में खडा कर दिया हैं। 14 दिसंबर 2022 को अदाणी प्रबंधन ने बरमाणा में दाडला  के दोनों सीमेंट कारखानों को अचानक बंद कर दिया था। तब से लेकर अब तक इन दोनों सीमेंट कारखानों में ढुलाई के लिए लगे छह हजार से ज्‍यादा ट्रक सडकों पर खडे हैं।यह ट्रक आपरेटर आंदोलन की राह पर है लेकिन अदाणी सीमेंट कारखानों को खोलने के लिए तैयार नहीं हैं।

प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्‍खू सरकार भी इस विवाद को पिछले 55 से ज्‍यादा दिनों से सुलझाने में नाकाम रही हैं।

दाडला में वार्ता बेनतीजा

मालभाडे के फार्मूले को लेकर दाडला में बुधवार व वीरवार को आपरेटरों के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही और अदाणी प्रबंधन नौ रुपए प्रति टन प्रति किलोमीटर मालभाडा देने पर अड गया। वह इससे आगे ही नहीं बढ रहा हैं।

वीरवार को आपरेटरों के साथ दो  दौर की वार्ता हुई थी। इस वार्ता में अदाणी प्रबंधन नौ रुपए मालाभाडा देने पर ही अडा रहा। साथ में मल्‍टी एक्‍सल वाहनों के किराए में मौजूदा मालभाडे से 30 फीसद कम करने  का प्रस्‍ताव रखा दिया। इस प्रस्‍ताव को आपरेटरों ने ठुकरा दिया।मालभाडे के मसले पर आज कोई वार्ता नहीं हुई।

ज्‍वाइंट एक्‍शन कमेटी की बैठक में बडा फैसला

मालभाडे पर बीते रोज वार्ता विफल होने के बाद आज दाडला में सभी ट्रक यूनियनों  की ज्‍वाइंट एक्‍शन कमेटी  की बैठक हुई और अगली रणनीति पर बडे फैसले लिए गए ।

 

अब इस मुददे  को जोर शोर से उठाने के लिए इस कमेटी ने आज दो समितियों का गठन कर दिया इनमें से एक समिति को दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात उनके समक्ष इस मसले को उठाने का जिम्‍मा दिया गया हैं। जबकि दूसरी कमेटी 13 फरवरी को मुख्‍यमंत्री सुक्‍खू के बुलावे पर बुलाई गई बैठक में हिस्‍सा लेंगी।

बाघल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा के पूर्व अध्‍यक्ष व कोर कमेटी के सदस्‍य राम किशन शर्मा ने अदाणी समूह की इस दलील को हास्‍यस्‍पद करार दिया  कि कंपनी को दाडला में सीमेंट ढुलाई के मालभाडे की दरों से नुकसान हो रहा हैं।