शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल अस्‍पताल में आज एक कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई है।  कोरोना संक्रमण  से प्रदेश में यह तीसरी मौत है जबकि सरकार के मुताबिक दूसरी मौत है।

21 साल का यह युवक किडनी फेलियोर से ग्रसित था। इसे कल बीती रात को नेरचौक अस्‍पताल से इंदिरा गांधी मेडिकल अस्‍पताल को रेफर किया गया था।इसमें कोरोना के लक्षण सामने आ रहे थे तो सरकाघाट में ही इसके नमूने लिए गए थे।

इसकी रिपोर्ट आज नेरचौक में पाजिटिव पाई गई है। अतिरिक्‍त मुख्‍य सचिव स्‍वास्‍थ्‍य आरडी धीमान ने कहा कि आज इस युवक की शाम को इंदिरा गांधी मेडिकल अस्‍पताल में मौत हो गई है।

यह युवक एक अप्रैल को ही दिल्‍ली से अपने घर सरकाघाट लौटा था।समझा जा रहा है कि यह युवक दिल्‍ली किडनी का इलाज करने गया था व वहीं पर कोरोना के संक्रमण के चपेट में आ गया होगा।

 

टांडा मेडिकल अस्‍पताल में कोरोना संक्रमण से पहली मौत एक तिब्‍बति की हुई थी। उसके बाद बददी में कारोबार करने वाली एक महिला की मौत पीजीआइ में हो गई थी। अब यह तीसरी मौत है व आइजीएमसी में कोरोना संक्रमित व्‍यक्ति की यह पहली मौत है।याद रहे बीते रोज जोगेंद्र नगर का एक अन्‍य युवक भी पाजिटिव पाया गया था उसका इलाज चल रहा है। वह भी दिल्‍ली से ही घर लौटा था व अपने घर में क्‍वारंटीन में था।इस तरह प्रदेश में सरकारी आंकड़ों के हिसाब से 42 कोरोना  पाजिटिव मामले सामने आ गए है जबकि पंजाब व पीजीआइ में प्रदेश से गए मरीजों को भी गिने तो ये आंकड़ा 45 तक पहुंच गया है।