हमीरपुर/शिमला।केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सामने पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सीएम की दावेदारी के नारों के बीच हमीरपुर में आयोजित भाजपा के त्रिदेव सम्‍मेलन ने एक बार फिर साफ कर दिया हैं कि धूमल  व मोदी सरकार में मंत्री जे पी नडडा के बीच सीएमशिप की दावेदारी की जंग अभी भी जारी हैं। भाजपा इस मसले पर आर पार नहीं कर पा रही है।

त्रिदेव सम्‍मेलन के दौरान धूमल के चाहवानों ने जमकर नारे लगाए कि ‘प्रदेश का नेता कैसा हो, धूमल जैसा हो’। हमीरपुर में ये नारे लगने साफ करता है कि धूमल की सीएमशिप की दावेदारी खत्‍म ही चुकी हैं व उनका खेमा आखिरी प्रयासों में लगा हुआ हैं।ऐसा  धूमल  विरोधी खेमा मानने लगा  हैं। हालांकि राजनीति में कुछ भी संभव है।

राष्‍ट्रीयस्‍तर पर राजनाथ सिंह मोदी-शाह खेमे से नहीं आते हैं। वो उतर प्रदेशमें सीएम बनना चाहते थे।  उनकी तमन्‍ना थी कि अगर वो न बने तो उनके बेटे को सीएम बना दिया जाता लेकिन मोदी-शाह जुंडली ने विवादास्‍पद भाजपा फायरब्रांड योगी आदित्‍यनाथ को सीएम बना कर सभी चौंका दिया।

बहरहाल ,यही स्थिति हिमाचल की भी हैं। मोदी-शाह जुंडली ने मंत्री नडडा को सीएम पद को अघोषित प्रत्‍याशी घोषित किया हुआ हैं। नडडा इस बावत काम भी कर रहे हैं। उन्‍हें मालूम है कि प्रदेश में जंग मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह से हैं इसलिए उन्‍होंने वीरभद्र सिंह के क्रप्‍शन को इस सम्‍मेलन में उठाया भी।

धूमल खेमा वीरभद्र सिंह के क्रप्‍शन को लेकर एक अरसे से खामोश हैं।वो कभी –कभार ही कुछ बोलते हैं।  इसकी वजह भी जगजाहिर हैं।उनके बेटे अनुराग के खिलाफ वीरभद्र सिंह सरकार ने एचपीसीए मामले में कई एफआईआर दर्ज कर रखी हैं।ये अलग है कि मिलीभगत के चलते वीरभद्र सिंह सरकार ने इन मामलों में दागी जांच की हैं। इसके अलावा वो केंद्र सरकार से भी वीरभद्र सिंह के खिलाफ ज्‍यादा कुछ नहीं करवा पाए। इडी और सीबीआई ने वीरभद्र सिंह को एक बार भी अरेस्‍ट नहीं किया। जिससे भाजपा में साफ  संदेश चला गया कि मोदी –शाह जुंडली पर धूमल परिवार की पकड़ कमजोर हो गई हैं।

हाल ही में सीबीआई ने उदयोग विभाग के ज्‍वाइंट डायरेक्‍टर तिलक राज शर्मा को रिश्‍वत लेते पकड़ा और एफआईआर में जैसे कैसे ये जिक्र हो गया कि ये पैसा सीएम वीरभद्र के पीएस रघुवंशी को जाना था। इस पर धूमल व उनके छोटे बेटे अरुण धूमल ने मीडिया व सोशल मीडिया में हमलावर तेवर अपनाए। ये मामला वीरभद्र सिंह को अपनी रेंज में ले पाता है या नहीं इसे लेकर संदेह हैं।

धूमल के बड़े पुत्र अनुराग ठाकुर से बीसीसीआई का अध्‍यक्ष पद छिन चुका हैं । एचपीसीए से भी वो इन दिनों बाहर हैं।भाजयुमों के मुखिया भी वो अब नहीं रहे। मोदी सरकार ने भी कोई ज्‍यादा अहमियत उनको नहीं दी हैं।वो  इतने  ताकतवर नहीं  रहे  हैं  कि  वो मोदी-शाह जुंडली  को  प्रभावित कर सके। उनके  पास अरुण जेटली की  हुक्‍म का इक्‍का बचा हैं। वो उन्‍हें कितना इस्‍तेमाल कर सकते है ये देखना हैं।

जनता के बीच भी उनका ज्‍यादा आधार नहीं हैं ।  जो भी  आधार  है वो  उनके पिता प्रेम कुमार  धूमल  का  हैं।लेकिन उन्‍हें मोदी-शाह जुंडली हाशिए पर धकेलने पर आ  गई हैं और  मंत्री जे पी  नडडा आग  में  घी डालने का  काम  करने  में  कहीं भी  चूक  नहीं रहे हैं। नडडा आज के त्रिदेव  सम्‍मेलन में भी मौजूद रहे  । लेकिन उनके गुरू व शांता कुमार जो  धूमल के राजनीति दुश्‍मन हैं व परदे के पीछे राजनीति करने में  विशेषज्ञ है, इस  सम्‍मेलन में कहीं नजर नहीं आए।  शांता कुमार को हालांकि प्रधानमंत्री मोदी भी कोई भाव नहीं देते हें। दोनों में  पुरानी दुश्‍मनी  हैं।पार्टी के नेता मानते हैं कि सिद्धांतोंकी राजनीति करने में मोदी शांता कुमार के आगे कहीं नहीं ठहरते हैं।मोदी शातिर राजनीति करने में विशेषज् माने जाते हैं।

बहरहाल ,शांता कुमार परदे के पीछे से नडडा को आगे किए हुए हैं। लेकिन नडडा मोदी-शाह जुंडली के अभिन्‍न  अंग हैं।ऐसे में नडडा ने हमीरपुर में मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोला। बीजेपी की अंदरूनी जंग दिलचस्‍प व तमाशाई हो गई हैं।

धूमल  के गढ़  हमीपुर में आज के त्रिदेव सम्‍मेलन में किसने क्‍या कहा जाने यहां-

 

पाक एक गोली चलाए तो भारत की गोलियों की गिनती न हो: राजनाथ सिंह

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर में बार.बार हिंसा और उपद्रव फैलाने की कोशिश करता है लेकिन यह सिलसिला लंबे समय तक नहीं चलेगा। राजनाथ ने कहा कि सेना को खुली छूट है कि पाक की तरफ से एक गोली चले तो भारत की गोलियों की गिनती नहीं होनी चाहिए।हिमाचल के जिला हमीरपुर में त्रिदेव सम्‍मेलन में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने होलसेल भ्रष्टाचार किया है। मोदी सरकार पर तीन साल में भ्रष्टाचार का एक भी मामला सामने नहीं आया है।जीएसटी पर राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘न खाता न बही, जो आप कहो वो ही सही’,। राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भारत में ही नहीं दुनिया में देवभूमि के नाम से जाना जाता है। 1984 में भाजपा की संख्या केवल दो रह गयी थी लेकिन 30 वर्षों के बाद भाजपा को बहुमत हासिल हुआ है।

काम करने में दिलचस्प नहीं हिमाचल सरकार

आज भारत के दो तिहाई भूभाग पर भाजपा शासन में है। राजनाथ ने कहा कि लोगों ने नोटबंदी के बाद काफी कठिनाई उठाई लेकिन देश की जनता ने इसका स्वागत किया। पीएम मोदी के इस कदम ने पूरे विश्व में देश का सिर ऊंचा कर दिया। दुनिया के अर्थशास्त्री नोटबंदी के लिए पीए मोदी की तारीफ कर रहे हैं।राजनाथ ने योग को लेकर कहा कि जो योग हमारे ऋषियों की देन है उसे विश्व के 177 देशों ने अपनाया है। भारत की संस्कृति का परचम विश्व में लहराया है।केंद सरकार ने हिमाचल को भरपूर पैसा दिया लेकिन राज्य की सरकार काम करने में दिलचस्पी नहीं है।

हिमाचल में बनेगी भाजपा की सरकार

राजनाथ ने कहा कि मुझे विश्वास है की हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और यहां की जनता हमारा पूरा साथ देगी। गृह मंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत युवाओं को कौशल विकास की ट्रेनिंग दी जा रही है। अगले 4.5 सालों में एक करोड़ युवाओं को कौशल विकास की ट्रेनिंग दी जाएगी। मोदी सरकार ने क्लास थ्री और फोर की भर्ती के लिए इंटरव्यू खत्म किए।जैसे आंतरिक सुरक्षा में बॉर्डर ऑन पोस्ट का महत्व होता है वैसे ही लोकतंत्र एवं चुनावी व्यवस्था में बूथ का महत्व होता है। 2022 तक सभी गरीब परिवारों के सिर पर छत और किसानों की आमदनी दोगुनी होगा।

भ्रष्टाचार का लकवा मार गया वीरभद् सरकार को: धूमल

प्रदेश में ऐसी सरकार बैठी है जिसे भ्रष्टाचार का लकवा मार गया है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को स्कूल मैदान में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में कही। धूमल ने कहा कि केंद्र से प्रदेश के विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं रखी जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा बहाल करने से लाभ मिला है।  धूमल ने कहा कि प्रदेश को 13 वें वित्त आयोग के तहत 20625 करोड़ रूपए मिले थे जिसे बढ़ाकर अब सवा लाख करोड़ रूपए कर दिया गया। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को ब्याज स्कूल हमीरपुर के भवन में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू करवाने का आग्रह किया। वहीं उन्होंने उना हमीरपुर रेलवे लाइन को सरकाघाट होते हुए मंडी तक बढ़ाने के लिए भी आग्रह किया। धूमल ने हिमाचल के वीर सैनिकों की शहादत का जिक्र किया और हिमाचलियों के लिए सेना में भर्ती कोटा बढ़ाने की बात कही। इसके अतिरिक्त पैरामिलट्री फोर्सिस की भरती हिमाचल में ही करने के अनुरोध किया ताकि प्रदेश के युवाओं का दिल्ली आने जाने में खर्च होने वाल पैसा व वक्त बच सके।  उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह का  हमीरपुर आना भाजपा के लिए हमेशा प्रेरणादायी एवं विजय का प्रतीक बन जाता है। उन्होंने सम्मेलन में आए कार्यकर्ताओं को जीत हासिल होने तक मैदान में डट जाने का अह्वान किया। धूमल ने 21 जून को सुजानपुर में विश्व योगा दिवस में शामिल होने के लिए गृह मंत्री  राजनाथ सिंह को न्यौता दिया। इस योगा सम्मेलन में श्री श्री रविशंकर हजारों लोगों के साथ योगा करेंगे।

कांग्रेस के  जमानत बेल वाले सीएम वीरभद्र से देवभूमि हुई कंलकित: जेपी नड्डा

हिमाचल में भाजपा का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है जबकि कांग्रेस का इतिहास देखें तो प्रदेश में बेल वाला मुख्यमंत्री मिलता है। यह बात केंदीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हमीरपुर में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस उदासीन, भ्रमित व विकास से विनाश की तरफ जा रही है। नड्डा ने कहा कि देवभूमि, कर्मभूमि एवं वीरभूमि के मुखिया पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और उसे बेल लेनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को कंलकित होते हुए हम देख नहीं सकते ।

केंद्र सरकार ने हिमाचल को मुख्यधारा में रखा है। विकास के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को 90:10 के अनुपात में धन उपलब्ध करवाया। प्रदेश के 61 मंजूरशुदा एनएच की डीपीआर के लिए 259 करोड़ रूपए प्रदान किए। नड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी सरकार का पहिया तेजी से चल रहा है जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पहिए को जंग लग चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेता न जाने किन किन कामों में व्यस्त रहते हैं, मालूम नहीं । भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाकर प्रदेश के विकास को गति प्रदान की जाएगी।

 

केंद्र ने 3 साल में हिमाचल को दिया बहुत कुछ: अनुराग ठाकुर

त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सभी 17 सीटों पर इस बार भाजपा का कब्जा होगा। भाजपा लगातार 9 साल उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इन तीन सालों में हिमाचल को इतना दिया, जितना 70 साल में कभी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को 61 एनएच, 4 फोरेलेन, आईआईएम ,एम्स,मेडिकल कॉलेज, रेलवे लाइन जैसी विकासात्मक योजनाएं मंजूर की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए योजनाएं मंजूर करती है लेकिन प्रदेश की निकम्मी सरकार इन्हें लागू करने के लिए अपनी मजबूरी जाहिर करती है। अनुराग ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में सड़क और हाईवे निर्माण के लिए 70 हजार करोड़ रुपये दिए। स्वास्थ्य संबंध कई सुविधाएं दीं। इन तीन सालों में हिमाचल में रेलवे विस्तार भी हुआ और अगले महीने तक चिंतपुर्णी तक रेलवे यात्रा शुरू हो जाएगी। हमीरपुर लोकसभा के सभी हेडक्वार्टर रेलवे से जुड़ जाएंगे।

त्रिदेव की भूमिका अभिभावक के समान: मंगल पांडेय

हिमाचल बीजेपी प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि त्रिदेव की भूमिका अभिभावक के समान होती है। कार्यकर्ताओं से आह्वाहन करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि बूथ स्तर पर अच्छे से काम करें। बूथ के प्रमुख कार्यकर्ता त्रिदेव हैं। बूथ जीत जाएगा तो चुनाव जीत जाएंगे। मंगल पांडेय ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता ऐसे वोटरों को भाजपा की तरफ मोड़ें निका वोट आज तक बीजेपी को नहीं मिला है।

कांग्रेस को धूल चटाएंगे: सतपाल सत्ती

त्रिदेव सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने आंकड़े देते हुए कहा कि आने वाले विस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस को धूल चटवाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल मतदान का  54 प्रतिशत वोट हासिल किया जोकि सारे भारत में प्रथम स्थान रखता है। हिमाचल उन 10 प्रदेशों में शामिल रहा जहां बीजेपी ने शतप्रतिशत सीटें जीती। सत्ती ने कहा कि भाजपा पिछले लोकसभा चुनाव में 68 में से 59 विस सीटों पर आगे रही और इस बार विसचुनाव में सिक्सटी प्लस का आंकड़ा पार करेगी।  उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 7479 बूथों पर भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती से कार्य कर रहे है।