शिमला। बहुमत होने के बावजूद राज्यसभा की सीट गंवाने के बाद अब कांग्रेस आलाकमान सरकार बचाने की आखिरी कवायद के चलते प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने को तैयार हो गई हैं।आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला,छतीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश वघेल,कर्नाटक से कांग्रेस नेता डी शिवकुमार समेत हरियाणा के कांग्रेसी नेताओं को इस काम पर लगाया हैं।
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान कांग्रेस के नाराज विधायकों से संपर्क में है और उन्हें भाजपा के पाले से बाहर लाने के लिए कोशिशें की जा रही है। रात भर कांग्रेस के नेता सरकार बनाने की जददोजहद में लगे रहे है।
कांग्रेस की ये मुहिम सिरे चढ़ेगी इसे लेकर अब संदेह जताया जा रहा है। क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस विधायकों को तोड़ने के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली थी व वह उसमें तैयार भी हो गई। भाजपा के पाले में जाकर अब ये कांग्रेसी विधायक दोबारा कांग्रेस में जाएंगे ऐसी उम्मीद कम है। कहा जा रहा है कि अगर वापस लौट भी आए तो कितने दिनों तक कांग्रेस में रहेंगे।
अभी छह ही कांग्रेस विधायकों ने पाला बदला है अब और कितने कांग्रेस विधायक भाजपा के पाले में जाते हैं इसका इंतजार हैं।
अगर कांग्रेस सीएम चेहरा बदल भी देती है तो भी नए मुख्यमंत्री की राह आसान नहीं होगी। मुकेश अग्निहोत्री का नाम मुख्यमंत्री की दौड़ में तो आगे है लेकिन हॉलीलाज कांग्रेस उन्हें समर्थन देगी ही ये साफ नहीं हैं। अगर देगी भी तो क्या मोल भाव उसके पीछे रहेगा। क्योंकि जब शुरू में सरकार बनी थी तो हालीलाज कांग्रेस व मुकेश अग्निहोत्री गडबड हो गई थी। अभी तक जितने भी कांग्रेसी विधायकों ने पाला बदला है उनमें से कमोबेश सभी हालीलाज कांग्रेस के समर्थक हैं।
(271)




