शिमला।प्रदेश कांग्रेस ने आलाकमान से मंजूरी आने के बाद चारों नगर निगम में पार्टी की से चुनाव मैदान में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इस बार सोलन, पालमपुर,धर्मशाला और मंडी नगर निगम के लिए हो रहे ये चुनाव पार्टी चिन्ह पर हो रहे है। इसलिए दोनों पार्टियां दमखम लगाने पर आ गई है।पार्टी ने आज दोपहर ही इन नामों की सूची आलाकमान को मंजूरी को भेज दी थी। आलाकमान की ओर से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने इस सूची पर मोहर लगा दी और सूची को प्रदेश कांग्रेस पार्टी को भेज दिया।
इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव समिति की बैठक में नगर निगम चुनावों के लिए बनाए गये पार्टी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद सभी नगर निगमों के वार्ड पार्षदों के प्रस्तावित नामों को अनुमोदन के लिए आला कमान को भेज दिए थे।
चुनाव समिति बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री,कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा,विप्लव ठाकुर,कौल सिंह ठाकुर,सुखविंदर सिंह सुक्खू,आशा कुमारी,धनीराम शांडिल,रामलाल ठाकुर,सुधीर शर्मा,राजेश धर्माणी,हर्ष महाजन,जैनब चंदेल,निगम भंडारी,यदोपति ठाकुर व छत्तर सिंह ठाकुर समिति के सदस्यों के तौर पर बैठक में शामिल थे।
पार्टी महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने कहा कि इस बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ पार्टी से जुड़ा कोई अन्य प्रत्याशी चुनाव में खड़ा होता है तो उसे अनुशासनहीनता मानते हुए उसके खिलाफ पार्टी नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी के पर्यवेक्षक पार्टी से जुड़े सभी लोगों पर अपनी नज़र रखेंगे जिससे पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जाए।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस मजबूती के साथ इन चुनावों में उतर रही है।उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायक, सभी पूर्व विधायक सहित प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता पूरे तालमेल के साथ चुनाव प्रचार में जुटेंगे।
(1)