शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को चिकित्सा जांच के लिए स्वेच्छा से सामने न आने वाले दिल्ली की निजामुद्दीन तबलीगी जमात के व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बीते रोज कोराना विषाणु के सात पाजिटिव मामले आने के बाद इस मामले में जायजा लेने के लिए उन्होंने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाल ही में दिल्ली में निजामुद्दीन तबलीगी जमात के धार्मिक समागम में शामिल होने वाले व्यक्तियों का पता लगाने के लिए सक्रिय अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बद्दी तथा नालागढ़ क्षेत्रों के सात कोरोना वायरस पॉजिटिव व्यक्तियों के नजदीकी लोगों को चिन्हित किया जाए व वायरस को फैलने से रोकने के लिए उन्हें क्वारटीन में रखा जाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपने क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित करने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यात्रा का ब्यौरा छुपाने वाले व्यक्तियों व उन्हें आश्रय देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
जय राम ठाकुर ने पुलिस अधीक्षकों को चिकित्सा दलों को उचित पुलिस सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि वे अपना दायित्व प्रभावी रूप से तथा बिना किसी डर के निभा सके। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में आरंभ एक्टिव केस फाईंडिंग अभियान के तहत अपना पूर्ण सहयोग दें
जय राम ने कहा कि प्रदेश में इस अभियान के तहत गत दो दिनों में 13.5 लाख व्यक्तियों की स्वास्थ्य जानकारी प्राप्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से पीड़ित व्यक्तियों को अब हिमकेयर तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत चिकित्सा प्रदान की जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि अब सीआरआई कसौली में कोरोना विषाणु की जांच सुविधा आरंभ कर दी गई है, जहां सोलन व सिरमौर जिलों से इस विषाणु के सैंपलों की जांच की जाएगी।
डीजीपी मरड़ी का अल्टीमेटम
उधर, पुलिस महानिदेशक सीताराम मरड़ी ने निजामुदीन से तबलीगी जमात से शामिल होकर प्रदेश में आए जमातियों व अन्य विदेश से लौटे लोगों को आज पांच बजे तक का अल्टीमेटम देते हुए आगाह किया है कि वह अपने बारे में सारा ब्योरा संबधित जिला प्रशासन के पास खुद आकर दे जाएं अन्यथा इसके बाद अगर कोई कोरोना विषाणु से पाजिटिव पाया गया या इनकी वजह से कोरोना का विषाणु फैला तो उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दिया जाएगा। इसके अलावा आपदा अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया जाएगा।
मरड़ी ने कहा कि जमात के लोगों को खुद आगे आना चाहिए ताकि ये संक्रमण आगे न फैले ।उन्होंने कहा कि पांच बजे के बाद अगर पुलिस व जिला प्रशासन को किसी तरह की जानकारी मिली तो संबधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी ।
उन्होंने तबलीगी जमात के सभी जिला के अमीर को भी आगह किया कि वह बाहर से आए लोगों के बारे में तमाम जानकारी प्रशासन को मुहैया कराएं ये उनकी जिम्मेवारी है।अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। याद रहे पुलिस ने जमात के राज्य के अमीर हुक्मुदीन के खिलाफ पहले ही जानकारी छिपाने को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।मरड़ी ने कहा कि जो वह चेतावनी देते है वह उस पर अमल भी करते है।
प्रदेश पुलिस ने तबलीगी जमात के 85 लोगों के खिलाफ 17 मामले दर्ज किए गए है। इनमें से बददी में 45 लोगों के खिलाफ दो एफआइआर दर्ज की है जबकि उना में 14 लोगों के खिलाफ पांच एफआइआर दर्ज की गई है।
मरड़ी ने कांगड़ा में एक मौलवी की ओर से सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेामाल करने को लेकर भी आाह किया किया व कहा कि उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह से दूसरे धर्म के बारे में ऐसी टिपणियां न करे। इससे सांप्रदायिक दंगे तक हो सकते है।ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उना में कोरोना विषाणु के एक संदिग्ध व्यक्ति की ओर से बिरादरी से बहिष्कार किए जाने पर आत्महत्या करने के मामले को लेकर कहा कि यह गलत है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
(3)




