शिमला। साल बाद ही सही मंत्रिमंडल में दो नए चेहरों को शामिल कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी गलती को दुरुस्त करने का प्रयास किया हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा के जिला बिलासपुर के घुमारवीं हलके से कांग्रेस विधायक राजेश धर्माणी को आज राजभवन में पद व गोपनीयता की शपथ दिला दी गई हैं।
धर्माणी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं। बावजूद इसके सुक्खू ने उनको मंत्रिमंडल में शामिल करने में एक साल का अरसा लगा दिया।जबकि कायदे से उन्हें शुरू में ही मंत्री बना देना चाहिए था। लेकिन सुक्खू ने ऐसा नहीं किया।वजह क्या रही ये किसी को पता नहीं हैं।
धर्माणी के अलावा कांगड़ा जिला से जयसिंह पुर हलके से कांग्रेस विधायक यादविंद्र गोमा को भी आज पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
याद रहे कि ताजपोशियों को लेकर सरकार व संगठन में एक अरसे से घमासान मचा हुआ हैं।सुक्खू पर सरकार में धड़ल्ले से अपने करीबियों की ताजपोशियां करने का इल्जाम लगता रहा हैं। इस दिशा में वह अपने पूर्व विरोधी पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नक्शे कदम पर ही ही नहीं एक कदम आगे निकलते नजर आ रहे हैं।
चूंकि धर्माणी को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी हाशिए पर ही रखते थे ब सुक्खू ने भी उन्हें हाशिए पर ही धकेल दिया था । हालांकि पहले इन दोनों में सखा भाव था।धर्माणी व गोमा की ताजपोशी के बाद भी कई मसले है जिनपर सुक्खू को नए सिरे से कदम उठाने चाहिए।
इनमें नौकरशाहों की तैनातियों से लेकर पूर्व जयराम सरकार के लाडलों को गले से लगाए रखने,भ्रष्ट अफसरों की कारगुजारियों की अनदेखी करने जैसे दर्जनों मामले में हैं जिन पर गौर करने की जरूरत हैं। वैसे भी समय बेहद कम हैं। आगामी मई –जून में लोकसभा के चुनाव में आ ही गए है और भाजपा एक साल के भीतर ही प्रंचड आक्रमक तरीके से सरकार पर हावी हो चुकी हैं।
राजेश धर्माणी का जीवन परिचय
राजेश धर्माणी का जन्म 2 अप्रैल 1972 को जिला बिलासपुर के घुमारवीं में बिमला देवी एवं रतन लाल धर्माणी के घर हुआ। इन्होंने एनआईटी हमीरपुर से बीटेक सिविल और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय इग्नू से एमबीए की शिक्षा ग्रहण की। इनका विवाह सोनिका शर्मा से हुआ। इनकी एक सुपुत्री है।
धर्माणी प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव, उपाध्यक्ष तथा महासचिव पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, जिला कांग्रेस समिति के सचिव, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव एवं एनएसयूआई तकनीकी प्रकोष्ठ के संयोजक भी रहे।
राजेश धर्माणी दिसंबर 2007 में प्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए और वर्ष 2012 में पुनः निर्वाचित हुए। वह वर्ष 2007-2012 तक प्राक्कलन और मानव विकास समितियों के सदस्य और वर्ष 2013 से 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव रहे।
वह दिसंबर 2022 में प्रदेश विधान सभा के लिए तीसरी बार चुने गए और मानव विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में नामित हुए। साथ ही लोक लेखा और ई गवर्नेंस सह-सामान्य प्रयोजन समितियों के सदस्य नामित हुए।
यादविन्द्र गोमा का जीवन परिचय
यादविन्द्र गोमा का जन्म 4 फरवरी 1986 को पालमपुर जिला कांगड़ाए में विद्या देवी एवं मिल्खी राम गोमा पूर्व विधायक के घर हुआ। इन्होंने बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा आईईईटी बद्दी से एमबीए की शिक्षा ग्रहण की। इनका विवाह नीलम गोमा से हुआ। इनकी एक सुपुत्री है।
यादविन्द्र गोमा वर्ष 2010-2015 तक जयसिंहपुर निर्वाचन क्षेत्र से युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, वर्ष 2011 से 2014 तक राज्य राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के महासचिव और वर्ष 2019-2021 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रहे।
वर्ष 2012 में गोमा प्रदेश विधान सभा के लिए चुने गए और दिसंबर 2022 में पुनः निर्वाचित हुए। वह अधीनस्थ विधान समिति के अध्यक्ष और कल्याण एवं नियम समितियों के सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए।
(12)