शिमला/बागा। जिला सोलन की तहसील अर्की के ग्राम पंचायत मांगल के बागा गांव में स्थानीय देवता सत श्री बाडु बाड़ा देवता के मूल स्थान पर मंदिर के निर्माण को लेकर सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक 2022 से आनाकानी कर रही है। लेकिन अब डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने स्थानीय लोगों को इस मसले का समाधान कराने का भरोसा दिया है।
याद रहे बागा गांव में पहले जहां पर ये मंदिर था इसे सीमेंट का कारखाना लगाने के दौरान तत्कालीन जेपी कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने जबरन उठा दिया गया था और बागा में पुलिस थाने के ऊपर इसे स्थापित कर दिया गया था। लेकिन इससे देवता नाराज हो गया। इससे स्थानीय लोगों ही नहीं अल्ट्राटेक कंपनी को भी रोजाना कोई न कोई दिक्कते आती रहती है।
स्थानीय लोगों ने जब अपनी समस्याओं को देवता के सामने रखा था तो देवता ने कहा कि उनके मूल स्थान में उनका मंदिर बनाया जाए। यानी देवता के चिन्ह को स्थापित किया जाए।
इस बावत स्थानीय ग्राम पंचायत बागा करोग की प्रधान सुरेंद्रा ठाकुर और उप प्रधान श्याम लाल के अलावा गांव के लोगों ने इस मामले को एसडीएम अर्की और डीसी सोलन से 2022 में ही उठा दिया था।
इस बावत अल्ट्राटेक कंपनी की ओर से कहा गया कि यहां पर मंदिर स्थापित करना असुरक्षित रहेगा। लेकिन जब 2022 में तत्कालीन एसडीएम अर्की केशव राम ने नायब तहसीलदार से रपट मांगी तो पटवारी की रपट में सामने आया कि इस मंदिर से 7 आठ मीटर की दूरी पर अल्ट्राटेक कंपनी की अपनी कैंटीन है। जहां पर कंपनी के कर्मचारी सालों से खाना खाते है।इसी के साथ कंपनी का पर्ची घर भी है। पटवारी ने अपनी रपट में कहा कि मंदिर की प्लींथ भी बना दी गई है व ये किनारे पर है इसे कोई खतरा नहीं है।
पटवारी ने अपनी रपट नायब तहसील दार को और नायब तहसीलदार ने एसडीएम अर्की और एसडीएम अर्की ने 2022 में ही ये रपट डीसी सोलन को भेज दी थी लेकिन तब से लेकर अब तक ये मंदिर नहीं बन पाया।
मांगल पंचायत के पूर्व प्रधान व एडवोकेट नंद लाल चौहान इस मामले को लेकर बीते दिनों डीसी सोलन मनमोहन शर्मा से मिले व उन्हें पूरे वाक्ये से अवगत कराया। साथ ही लिखित में भी उनकी अर्जी थमाई। गांव वालों की तरह ही नंद लाल चौहान ने भी डीसी से कहा कि अगर कंपनी ये मंदिर नहीं बनाना चाहती तो गांव वाले चंदा एकत्रित कर इस मंदिर को खुद ही खड़ा कर देंगे। ताकि देवता के मूल स्थान में उनके चिन्ह को स्थापित किया जा सके व स्थानीय लोगों को जो दिक्कतें आ रही है वो दूर हो जाएं।
चौहान ने कहा कि डीसी सोलन मनमोहन ने उनको भरोसा दिलाया है कि वो कंपपनी के साथ इस मसले को उठाएंगे व मंदिर बनावा देंगे। हालांकि अभी इस बावत डीसी की ओर से क्या कदम उठाए गए हैं इस बावत कुछ सामने नहीं आया हैं। बहरहाल स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ये मसला जल्द ही सुलझ जाएगा।
याद रहे हिमाचल देवभूमि है और यहां पर स्थानीय देवताओं की इच्छाओं का सम्मान सर्वोपरि है।
(21)





