शिमला। प्रदेश भाजपा के प्रभारी व सह प्रभारी बदलते ही अब तक हाशिए पर धकेल कर रखे गए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भाजपा व प्रदेश की राजनीति में अपना दखल देने के राह पर आ गए लगते है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने आज भाजपा नेताओं की आभासी तौर पर पहली बैठक ली और धूमल को पहली ही बैठक में बुला लिया गया। अब से पहले धूमल को कम ही तरजीह दी जाती थी। इस बैठक में शांता कुमार को संभवत: जोड़ा ही नहीं गया ।
प्रभारी बनने के बाद खन्ना ने प्रदेश भाजपा के सभी पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों ,मोर्चों के अध्याक्षों, जिला अध्यक्षों,जिला प्रभारियों व सह प्रभारियों के साथ आभासी बैठक की। इस दौरान सह प्रभारी संजय टंडन और केंद्रीय राज्य वित मंत्री अनुराग ठाकुर भी बैठक में शामिल हुए।
खन्ना ने कहा कि भाजपा का मंत्र पंचायत से संसद तक है और आने वाले पंचायती चुनावों में भाजपा अच्छा कार्य करेगी और उसके बाद सभी नगर निगमों में भी भाजपा का महापौर और उपमहापौर होगा। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव से कई अनुभव बताते हुए भाजपा हिमाचल इकाई को कुछ टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस दिशाहीन, नेतृत्वविहीन एवं मुद्दाहीन पार्टी बनकर रह गई है। देश की जनता मानती है कि भाजपा ही राइट चॉइस है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सिद्धांत आधारित पार्टी उसका एक बड़ा उदाहरण बिहार में दिया है बड़ी मात्रा में विधानसभा सीटें जीत कर भी नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया । उन्हें बताया कि भाजपा की दृष्टि से सारा देश हिमाचल की ओर देखता है और फिर अपनी योजनाओं को बनाता है।उन्होंने कहा कि भाजपा एक ही लक्ष्य है कि 2022 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सशक्त सरकार बनानी है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा आने वाले पंचायती राज चुनावों के लिए रणनीति तैयार कर रही है प्रदेश में मंडल मिलन के कार्यक्रमों का स्वरूप भी तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकार के पिछले 3 साल के कार्यकाल का ब्योरा प्रभारी एवं सह प्रभारी के समक्ष रखा व दावा किया कि देश में संगठन और सरकार का अच्छा तालमेल है । मुख्यमंत्री ने अविनाश राय खन्ना एवं संजय टंडन को 3साल के कार्यक्रम में आमंत्रित भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ कोई स्थाई मुद्दा नहीं है और पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा ने सभी 68 विधानसभाओं में ऐतिहासिक बढ़त हासिल की है।
(1)