रूही शर्मा
शिमला/कांगड़ा । भाजपा की कांगड़ा में हुई हुंकार रैली में भी हिमाचल से भाजपा से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी के नाम का एलान नहीं हुआ।जिससे अलग-अलग खेमों में बंटी भाजपाइयों के चेहरे लटके रहे।रैली में प्रदेश के नेताओं में से धूमल अपने नाम के नारे लगवाने में कामयाब रहे तो नडडा व शांता ये नजारा देखते ही रहे।रैली में अच्छी खासी भीड़ उमड़ी पर सीएम के नाम का एलान नहीं हुआ तो जोश उस तरह का नजर नहीं आया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस रैली में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर जमकर निशाना साधा तो रैली के बाद पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अमितशाह को गोधरा की याद दिला दी। रैली के दूसरे दिन वीरभद्र सिंहके अलावा उनके पुत्र व प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य ने भी अमित शाह को गुजरात दंगों की याद दिला दी। इससे पहले भी अमित शाह ने वीरभद्र सिंह पर हमला बोला था तो वीरभद्र सिंह ने गोधरा कांड उछाल कर उनको चुप करा दिया था।
बहरहाल,मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोस्ती में इन तमाम हमलों के बाद भी दरार नहीं आई हैं।
यहां जाने रैली में अमित शाह समेत किस किस नेता ने क्या कहा-:
अमित शाह बोले, उखाड़ फेंको भ्रष्ट वीरभद्र सरकार
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कांगड़ा से हुंकार भरते हुए हिमाचल के विधानसभा चुनावों का शंखनाद कर दिया। युवा हुंकार रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश की वीरभद्र सरकार को उखाड़ फैंकने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश सरकार सही तरह से लागू करने में फेल रही है और मोदी सरकार पर पक्षपात करने के झूठे आरोप मढ़ कर जनता को बरगला रही है।
हिमाचल प्रदेश की वर्तमान वीरभद्र सरकार पर चौ-तरफा हमला बोलते हुए अमित शाह ने इसे भ्रष्ट सरकार करार दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल के कसीदे पढ़ने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि अपने प्रयासों की वजह से शांता कुमार प्रदेश में पानी वाले और धूमल सड़क वाले मुख्यमंत्री के तौर पर जाने जाते हैं वहीं वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचार के लिए जाने जाते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस दौरान खूब हुंकार भरी और विधानसभा चुनावों में 50 सीटें को जीतने का आह्वान किया। मिशन पचास की तो उन्होंने हुंकार भर दी लेकिन वह मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने से बचते नजर आए। उन्होंने इस बारे में कोई भी जिक्र नहीं किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा। युवा हुंकार रैली में वह केवल मुख्यमंत्री वीरभद्र पर बरसते दिखे। इस दौरान उन्होंने हर बार की तरह अच्छे दिनों का कोई जिक्र नहीं किया। अमित शाह वीरभद्र के भ्रष्टाचार पर तो बरसे लेकिन कहीं भी उन्होंने काले धन वापस लाने का नाम तक नहीं लिया।
शांता बोले, हिमाचल को कलंकित किया वीरभद्र सरकार ने
शांता कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 84 बर्ष की उम्र में मैने कभी कलंक का टीका नही देखा, जैसा इस कांग्रेस सरकार में हिमाचल को लगा है। सारी कांग्रेस सरकार आज जमानत पर हिमाचल में भ्रष्टा चार ओर बलात्कारएहो रहे है। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। देश मे सबसे अछि छवि पर है और कांग्रेस बदनाम हो गई है। हम इस मंच से बता दे कि हम बहुत सीटे जीत कर सरकार बना रहे है।कांग्रेस को बची हुई सीटों से संतुष्ट करेगी भाजपा युबायो की पार्टी है। उन्होंने युवा भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हिमाचल को कलंक का टीका लगाने वाली कांग्रेस को इनाम मत देना।
धूमल बोले, प्रदेश में माफिया राज
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश में कई तरह के माफिया राज कर रहे हैं। शर्म की बात है कि प्रदेश का मुख्यमंत्री यह आसानी से कहता है कि रेप और मर्डरहोते रहते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र के ये बयान देव भूमि के प्रति शर्मनाक है। लोगों से कहा कि अब समय आ गया है कि बईमानों का राज बदल दो
नडडा बोले भाजपा करेगी 60 प्लस का मिशन पूरा
कांगड़ा युवा हुंकार रैली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दावा करते हुए कहा कि हिमाचल में बीजेपी का 60 प्लस मिशन पूरा होगा औऱ बीजेपी की सरकार बनेगी। हर राज्य में बीजेपी का झंडा लहराएगा। बीजेपी हर जगह रिकॉर्ड वोट से जीत हासिल करेगी।नड्डा ने कहा कि गुड़िया केस में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का बयान कि मर्डर और रेप होते रहते हैं, बेहद शर्मनाक है। ऐसा बयान वीरभद्र सिंह की छोटी सोच को दर्शाता है। नड्डा ने कहा कि हिमाचल का जो सरकार नाम का ट्रांसफार्मर है वो जल गया है औऱ अब इसे बदलने की जरूरत है। हिमाचल की जनता दिवाली के तोहफे के रूप में कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाएगी।केंद्र सरकार ने हिमाचल को 69 नए हाइवे दिए हैं, जबकि 4 अन्य नए हाइवे बनाने के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। इसके अलावा 612 करोड़ रुपए की लागत से हिमाचल में एम्स खोला जाएगा। लेकिन, हिमाचल की निकम्मी सरकार को इन सब चीजों का लाभ उठाना भी नहीं आ रहा है।
सांसद वीरेन्द्र कश्यप बोले ,कांग्रेस सरकार है धोखेबाज़
हुंकार रैली में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद विरेन्द्र कश्यप ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खूब कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि मोदी ने भ्रष्टाचार के लिए जीरो टॉलरेंस दिखाई है। वहीं कश्यप ने कहा कि प्रदेश की वीरभद्र सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है साथ ही उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने साठ से ज्यादा राष्ट्रीय उच्च मार्गों को बनाने के लिए पैसा दिया है लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक एक भी राष्ट्रीयहाइवे की डीपीआर नहीं बनाई है।
अनुराग बोले,कांग्रेस राज में बढ़ा गुंडाराज
हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ताबड़तोड़ हमला बोला। उन्होंन कहा कि प्रदेश अपराधियों का अड्डा बन गया है और हिमाचल में आजकल माफिया राज हो गया है। इस दौरान उन्होंने वनकर्मी होशियार सिंह की हत्या और गुड़िया गैंग रेप का जिक्र करते हुए कहा की मुख्यमंत्री वीरभद्र आपराधिक मामलों को आम घटना बताते हैं, जोकि शर्मनाक है। अनुराग ने कहा कि केवल भाजपा सरकार ही प्रदेश में कानून व्यवस्था को लागू कर सकती है।
युवा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के साथ केवल और केवल धोखा किया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार ने बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था लेकिन वह वादा झूठा निकला। प्रदेश सरकार पर वन माफिया के साथ-साथ खनन माफिया को भी खुली छूट देने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में ड्रग्स माफिया ने युवाओं की जिंदगियों को नष्ट कर दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपनी पैठ बनाने के लिए हिमाचल भाजपा के नेताओं ने भीड़ इकट्ठी करने में पूरा दमखम लगा दिया। वैसे तो यह रैली भारतीय जनता युवा मोर्चे की थी लेकिन इसमें सभी आयुवर्ग के लोगों को जमा किया गया। यही नहीं जब रैली में आए लोगों से “अच्छे दिन आने” के बारे में पूछा गया तो वह
मंच पर महिलाओं को नहीं मिला स्थान
भारतीय जनता युवा मोर्चा की इस रैली में महिलाओं ने भी जोरशोर से भाग लिया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। लेकिन गौर करने वाली बात यह रही कि इस हुंकार रैली के मंच पर महिलाएं नदारद रहीं और इस पर केवल पुरुषों का ही बोलबाला दिखा। आसमान छूती महंगाई के बारे में जब रैली में आए लोगों से पूछा गया तो उनका कहना था कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो जनता की सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
ढोल नगाड़ों पर झूमे लोग
हुंकार रैली में भाग लेने के लिए प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोगों ने शिरकत की। इस दौरान भारी संख्या में लोग अपने पारंपरिक परिधानों में आए और रैली स्थल पर अपने वाद्ययंत्रों की धुनों पर खूब झूमे। इनका नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अनुसूचित जनजाति के अध्यक्ष सूरत नेगी ने किया। यहीं नहीं इस दौरान उत्साहित भाजपा समर्थक ढोल नगाड़ों की थापों पर सड़कों की बीचों-बीच नाचते गात रहे।
डेस्क इनपुट के साथ कंटेंट व तस्वीरें- रूही शर्मा
(1)