शिमला। राष्टÑपति महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस पार्टी की ओर से नाहन में आयोजित एकता सम्मेलन के मौके पर कांग्रेस पार्टी ने केंद्रीय राज्य वित मंत्री अनुराग ठाकुर को पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि दिल्ली चुनावों के दौरान केंद्रीय राज्य वित मंत्री अनुराग ठाकुर ने गोली मारने के नारे लगा कर आचार संहिता का उल्लंघन किया था। इसकी शिकायत कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग से की थी। चुनाव आयोग ने अनुराग ठाकुर को स्टार प्रचारकों की सूची से तो हटा दिया है लेकिन ये काफी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव आयोग की ओर से लिए गए संज्ञान का स्वागत करती है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को अनुराग ठाकुर को उनके पद से हटा देना चाहिए। वह देश में हिंसा के लिए उकसाने का काम कर रहे है। मंत्रिमंडल में ऐसे व्यक्ति को नहीं रखा जा सकता। कुलदीप राठौर ने अनुराग ही नहीं भाजपा के नए बने प्रदेशाध्यक्ष और नाहन से भाजपा के विधायक राजीव बिंदल को भी निशोन पर लिया। उन्होंने कहा कि बिदंल एक अच्छे प्रबंधक है और उन्हें किसी कंपनी का प्रबंधक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी को हलके में न ले। कांग्रेस पार्टी उनके हरेक प्रबंधन का मुंह तोड़ जवाब देगी।
राठौर ने कहा कि पार्टी ने आलाकमान से मंजूरी मिलने के बाद कुछ ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी है । जल्द ही जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां भी कर दी जाएगी उसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी गठित कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस साल कांग्रेस प्रदेश में एकजुट होकर मजबूत रूप में उभरेगी और जयराम सरकार की तमाम कारगुजारियों का जनता के बीच ले जाएगी।
एकता सम्मेलन के दौरान राठौर,नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, रेणुका से कांग्रेस विधायक विनय कुमार, कांग्रेस नेता गंगूराम मुसाफिर, शिलाई से कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर श्रद्वाजंलि दी ।
श्रद्वाजंलि के बाद चल दिए मुकेश
कांग्रेस पार्टी की ओर से नाहन में एक खास रणनीति के तहत आज गांधी की पुण्यतिथि पर एकता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यह सम्मेलन भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव बिंदल को घेरने के लिए किया गया था। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री गांधी को श्रद्वाजंलि देने के बाद तुंरत चले गए। उन्होंने सम्मेलन में कुछ भी नहीं कहा। पार्टी के मुताबिक मुकेश का कहीं और कोई कार्यक्रम था। लेकिन पार्टी के ही नेता कहते है कि मुकेश व बिंदल में याराना है। ऐसे में संभवत: उन्होंने इस मौके पर कुछ भी बोलना मुनासिब नहीं समझा।
(4)