शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने आगामी उपचुनावों के लिए पार्टी के चारों प्रत्याशियों के नामों को आखिरी मोहर लगाने के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिया है व केंद्रीय चुनाव समिति के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी की मोहर लगने के बाद इन नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक मंडी संसदीय हलके से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह के नाम की सिफारिश की गई है जबकि विधानसभा हलकों के लिए अर्की से पार्टी महासचिव संजय अवस्थी,जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक रोहित ठाकुर और फतेहपुर हलके से भवानी सिंह पठानिया के नाम की सिफारिश की गई है। भवानी सिंह पठानिया पूर्व विधायक सुजान सिंह पठानिया जिनके निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी उनके पुत्र है।
आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर , नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला से दिल्ली में मुलाकात की और लंबे विचार विमर्श के बाद इन चारों के नामों की सिफारिश आलाकमान को कर दी। राठौर, मुकेश और संजय दत बीते रोज ही राजधानी से दिल्ली गए थे व बीते रोज प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों के चयन का फैसला कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी पर छोड़ दिया था।
लेकिन आज दिल्ली में राजीव शुक्ला के साथ मुलाकात के बाद इन चारों नामों की सिफारिश आलाकमान को कर दी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब इन नामों पर कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति में विचार किया जाएगा और उसके बाद सोनिया गांधी की मोहर लगने के बाद नामों की घोषणा कर दी जाएगी।
यह पूछे जाने पर कि पार्टी के प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक तौर पर घोषणा कब तक हो जाएगाी, प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत ने कहा कि यह आलाकमान पर निर्भर हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि चारों नामों को आलाकमान को भेज दिया गया है व अब सोनिया गांधी की मोहर लगनी है।
याद रहे जुब्बल कोटखाई से पूर्व कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर एक अरसे से अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं जबकि भाजपा की ओर से अभी चेतन बरागटा को ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा यह तय नहीं हो पाया है। हालांकि प्रदेश भाजपा उन्हीं को उतारेगी इस तरह के संकेत देचुकी है व वह भी जनता से लगातर संपर्क बनाए हुए है। लेकिन प्रदेश भाजपा की इस बावत साफ नहीं है कि भाजपा आलाकमान उनकी ओर से भेजे जाने वाले नामों पर मोहर लगाएंगी या नहीं ।
जुब्बल कोटखाई में भाजपा में घमासान मचा हुआ है।
भाजपा में इसी तरह की स्थिति अर्की में भी बनी हुई यहां पर पूर्व विधायक गोंबिंद शर्मा और जिला परिषद सदस्य आशा परिहार, भारतीय मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष व धूमल के करीबी सुरेंद्र ठाकुर भाजपा के संभावित प्रत्याशी रतन सिंह पाल के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। भाजपा में अर्की से रतन सिंह पाल का नाम सबसे आगे है।
(65)