शिमला। भाजपा सांसद अनुुराग ठाकुर की शनिवार से शिमला से शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा पर व्यंग्य वाण चलाते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर को पाकिस्तान का झंडा लेकर घूमना चाहिए। वीरभद्र सिंह ने अनुराग ठाकुर को कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि वो इस तरह की यात्रा कर रहे है। वो भाजपा सांसद पर तल्ख हुए और कहा कि अगर वो पाकिस्तान के साथ मैच रदद होने से खफा है तो उन्हें पाकिस्तान का झंडा लेकर चलना चाहिए। हिंदुस्तान का झंडा लेकर वो यात्रा क्यों कर रहे है। वो बचपना कर रहे हैं।
उन्होंने धर्मशाला में भारत- पाक के बीच रदद हुए ट्वेंटी ट्वेंटी मैच पर सफाई देते हुए कहा कि सरकार ने ये कभी नहीं कहा कि वो सुरक्षा देने को तैयार नहीं है। वो पाकिस्तान टीम को स्टेडियम व स्टेडियम के बाहर कहीं भी सुरक्षा देने को तैयार है। मैच रदद सरकार की वजह से नहीं हुआ है।मुख्यमंत्री विधानसभा परिसर में मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे थे। वीरभद्र सिंह ने अनुराग ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत पाक मैच का विरोध पूर्व सैनिक और पठानकोट और पंपोर में शहीद हुए सैनिकों के परिवार कर रहे थे। हम उनकी भावनाओं का सम्मान करते है। क्या अनुराग ठाकुर को उनकी भावनाओं का सम्मान नहीं करना चाहिए। उनको क्रिकेट की पड़ी है। वो लोगों की भावनाओं की इज्जत नहीं कर रहे है।
गौरतलब हो कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से जेएनयू कांड के बाद शनिवार को शिमला से तिरंग यात्रा शुरू की जा रही है।इसकी शुरूआत भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर कर रहे है।
भारत पाक मैच को लेकर हिमाचल प्रदेश में राजनीति गर्माई हुई है।
(13)